1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. ekta kapoors cute nickname for brahmarakshas 2 actor pearl v puri

पर्ल वी पुरी को एकता कपूर ने दिया यह प्यारा-सा नाम

Pearl V Puri
जी टीवी अपने बेहद सफल और रोमांचक शो 'ब्रह्मराक्षस' के दूसरे सीजन के साथ दर्शकों को एक काल्पनिक दुनिया में ले जा रहा है। बालाजी टेलीफिल्म्स के निर्माण में बने इस शो के पहले एपिसोड का प्रसारण 22 नवंबर को हुआ, जिसमें पॉपुलर टेलीविजन एक्ट्रेस निक्की शर्मा कालिंदी के किरदार में, पर्ल वी पुरी के अपोजिट नजर आईं, जो अंगद का रोल निभा रहे हैं।

 
जहां निक्की शर्मा, बालाजी के साथ पहली बार काम कर रही हैं, वहीं पर्ल का इस प्रोडक्शन हाउस के साथ लंबे समय का नाता रहा है। ब्रह्मराक्षस 2 बालाजी के साथ पर्ल का तीसरा शो है। एक्टर का प्रोड्यूसर एकता कपूर के साथ भी बहुत अच्छा रिश्ता है, जो उन्हें बहुत पसंद करती हैं। 
 
एकता कपूर पर्ल को अपने फेवरेट एक्टर्स में से एक मानती हैं और उन्हें प्यार से 'पर्ली' कहकर बुलाती हैं। एकता के साथ अपने तालमेल और खुद को दिए गए इस क्यूट निकनेम के बारे में बताते हुए पर्ल ने कहा, एकता मैम बहुत स्वीट और बढ़िया दिल की इंसान हैं। मैं उन्हें काफी समय से जानता हूं और उनके साथ यह मेरा तीसरा शो है।
 
उन्होंने कहा, उनके शोज करने के अलावा मैं उन्हें एक व्यक्ति के रूप में भी पसंद करता हूं। वे वाकई स्वीटहार्ट हैं और हमेशा हां ही कहती हैं। उनके साथ काम करने की बात हो, तो मैं दोबारा नहीं सोचता और हमेशा तैयार रहता हूं। मुझे लगता है आपकी जिंदगी में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिन पर आप आंख मूंदकर भरोसा कर सकते हैं और अपनी जिंदगी की बहुत सारी चीजों का श्रेय उन्हें दे सकते हैं। 
 
पर्ल वी पुरी ने कहा, मेरे लिए एकता मैम उन्हीं में से एक हैं। वे पद्मभूषण से सम्मानित हैं, टेलीविजन इंडस्ट्री की बड़ी हस्ती हैं, जो एक साथ 145 शोज, वेबसीरीज और फिल्में संभाल रही हैं लेकिन इसके बावजूद वे इतनी विनम्र और नेकदिल हैं। मैं उनका शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे पसंद किया और मुझे ये नाम (पर्ली) दिया। आज बहुत-से लोग मुझे पर्ली कहकर ही बुलाते हैं। मुझे भी यह नाम बहुत अच्छा लगता है।
 
इस शो के बारे में बताते हुए एकता कपूर ने कहा, मैं ब्रह्मराक्षस के दूसरे सीजन को लेकर वाकई बहुत उत्साहित हूं। इसमें स्पेशल इफेक्ट्स हैं, बढ़िया कहानी है, यह बड़ा शो है और इसमें बहुत-सा ड्रामा है। यह भारतीय दर्शकों के लिए एक परफेक्ट शो है। मैं उम्मीद करती हूं कि दर्शक इसे पिछली बार जितना ही पसंद करेंगे। इस शो में मेरे फेवरेट एक्टर पर्ली भी हैं। मैं अपने पसंदीदा विषय पर ज़ी टीवी के साथ काम करने को लेकर भी काफी उत्साहित हूं। मैं यह देखने के लिए भी उत्सुक हूं कि इस बार ब्रह्मराक्षस किस तरह आगे बढ़ता है।
 
जहां एकता और पर्ल एक बार फिर साथ मिलकर अपना जादू जगा रहे हैं, वहीं ब्रह्मराक्षस 2 में कालिंदी नाम की एक साधारण लड़की का सफर दिखाया जा रहा है, जिसकी किस्मत शैतानी ताकतों में उलझ जाती है। फिर उसके भाग्य में एक ऐसा मोड़ आता है, जहां वो शैतान ब्रह्मराक्षस का मुकाबला करने के लिए अपने अंदर की ताकत जुटाती है। 
 
अगला लेख
मेरी और मार्लों में सेक्स एक्सपर्ट बनी हैं अर्शी खान