निर्देशक निशिकांत कामत का निधन, रितेश देशमुख ने ट्वीट कर दी जानकारी
फिल्म इंडस्ट्री से लगातार बुरी खबरें सामने आ रही है। ताजा खबरों के अनुसार निर्देशक निशिकांत कामत का निधन हो गया है। 50 साल के निशिकांत कामत लीवर सिरोसिस नामक बीमारी से पीड़ित थे। इसी के चलते उन्हें 31 जुलाई को हैदराबाद के गचीबोवली स्थित एआईजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
निशिकांत के निधन की पुष्टि उनके दोस्त और एक्टर रितेश देशमुख ने ट्विटर पर की। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी दोस्त निशिकांत कामत। आपकी आत्मा को शांति मिले।'
I will miss you my friend. #NishikantKamat Rest In Peace. pic.twitter.com/cqEeLbKJPM
— Riteish Deshmukh (@Riteishd) August 17, 2020
इससे पहले जब निशिकांत के निधन की खबर आई तो रितेश ने ही इस बात की जानकारी दी थी कि निशिकांत जिंदा हैं, रितेश ने ही ट्विटर पर निशिकांत की हालत नाज़ुक होने की जानकारी दी थी।
निशिकांत कामत ने अजय देवगन और तब्बू स्टारर 'दृश्यम', इरफान खान स्टारर 'मदारी' जैसी फिल्म को निर्देशित किया था। इसके अलावा उन्होंने जॉन अब्राहम के साथ 'फोर्स' और 'रॉकी हैंडसम' जैसी फिल्में बनाई। निशिकांत कामत का जन्म महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने साल 2005 में मराठी फिल्म 'डोंबिवली फास्ट' से डायरेक्शन में डेब्यू किया था।
निशिकांत बेहतरीन निर्देशक के साथ-साथ बेहतरीन एक्टर भी थे। उन्होंने हाथ आने दे, सतच्या आत घरात (मराठी), 404 एरर नॉट फाउंड, रॉकी हैंडसम, फुगे, डैडी, भावेश जोशी जैसी कई मराठी और हिन्दी फिल्मों में एक्टिंग की।

