एक्ट्रेस नीलू कोहली के पति हरमिंदर सिंह का निधन, बाथरूम में पाए गए मृत
मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी और फिल्म एक्ट्रेस नीलू कोहली के पति हरमिंदर सिंह का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि हरमिंदर सिंह पूरी तरह से स्वस्थ थे। वे शुक्रवार दोपहर गुरुद्वारे भी गए थे। वहां से वापस लौटने के बाद हरमिंदर सिंह बाथरूम गए और वहीं गिर पड़े। उस समय घर में सिर्फ हेल्पर मौजूद था। हरमिंदर सिंह को बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया।
हरमिंदर सिंह को अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हरमिंदर सिंह के निधन की पुष्टि उनकी बेटी साहिबा ने एक इंटरव्यू के दौरान की है। ईटाइम्स संग बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, पिता का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा क्योंकि मेरा भाई मर्चेंट नेवी में हैं और उनके आने बाद ही पिता का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वहीं नीलू कोहली की फ्रेंड वंदना अरोड़ा ने नवभारत संग बातचीत के दौरान कहा, दोपहर करीब 1.30 बजे की बात है। वो सुबह गुरुद्वारा जाकर आए। वो वापस आए, बाथरूम गए और वहीं पर गिर पड़े। घर पर उनका सिर्फ हेल्पर था। वो भी खाने की तैयारी कर रहा था कि अभी आएंगे तो लंच लगा देगा, लेकिन काफी देर हो गई तो उसने सोचा कि वो कहीं कमरे में जाकर सो तो नहीं गए।
उन्होंने कहा, जब हरमिंदर रूम में नहीं मिले तो बाथरूम में देखा। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा लॉक नहीं किया था। अंदर देखा तो वो मृत अवस्था में पड़े थे। उन्हें डायबिटीज थी, लेकिन ऐसी कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। वो चल-फिर रहे थे और हेल्थ भी ठीक थी। सबकुछ अचानक ही हो गया।
नीलू कोहली कई टीवी सीरियल के अलावा फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। वह छोटी सरदारनी, मेरे अंगने में, मैडम सर, और झुकी झुकी सी नजर जैसे टीवी शो में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा नीलू कोहली ने दिल क्या करे, पटियाला हाउस, हासउफुल 2, रन और हिंदी मीडियम जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
Edited By : Ankit Piplodiya
Edited By : Ankit Piplodiya

