शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. Sanjeev Kumar, 20 intresting facts, Sholay, Thakur, Hema Malini

संजीव कुमार: 20 रोचक जानकारियां- शोले में संजीव कुमार को वीरू का रोल देने के लिए इसलिए तैयार हो गए थे रमेश सिप्पी

संजीव कुमार: 20 रोचक जानकारियां- शोले में संजीव कुमार को वीरू का रोल देने के लिए इसलिए तैयार हो गए थे रमेश सिप्पी - Sanjeev Kumar, 20 intresting facts, Sholay, Thakur, Hema Malini
1) नौ जुलाई 1938 को जन्मे अभिनेता संजीव कुमार का वास्तविक नाम हरीहर जेठालाल जरीवाला है। 
 
2) सूरत में जन्म लेकर आरंभिक सात वर्ष वहां गुजारने के बाद संजीव कुमार का परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया। 
 
3) अभिनय का शौक जागने पर संजीव कुमार ने इप्टा के लिए स्टेज पर अभिनय करना शुरू किया इसके बाद वे इंडियन नेशनल थिएटर से जुड़े। 


 
4) हम हिंदुस्तानी (1960) संजीव कुमार की पहली फिल्म थी। उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। 
 
5) 1968 में रिलीज हुई 'राजा और रंक' की सफलता ने संजीव कुमार के पैर हिंदी फिल्मों में मजबूती से जमा दिए। 

6) संघर्ष (1968) में वे दिलीप कुमार के साथ छोटे-से रोल में नजर आए। छोटी सी भूमिका में उन्होंने बेहतरीन अभिनय कर अपनी छाप छोड़ी। दिलीप कुमार उनसे बेहद प्रभावित हुए। 
 
7) संजीव कुमार उम्रदराज व्यक्ति की भूमिका निभाने में माहिर समझे जाते थे। 22 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने एक नाटक में बूढ़े का रोल अदा किया था। कई फिल्मों में उन्होंने अपनी उम्र से अधिक उम्र वाले व्यक्ति के किरदार निभाए और काफी पसंद किए गए। 
 
8) 1972 में गुलजार ने संजीव कुमार की फिल्म 'सुबह-ओ-शाम' देखी। संजीव से वे बेहद प्रभावित हुए। इसके बाद गुलजार और संजीव कुमार ने मिलकर कोशिश (1973), आंधी (1975), मौसम (1975), अंगूर (1980), नमकीन (1982) जैसी बेहतरीन फिल्में दीं। 
 
9) नया दिन नई रात (1974) में संजीव कुमार ने नौ भूमिका अदा की और अपने अभिनय का लोहा मनवाया। 
 
10) संजीव कुमार ने अपने करियर में हर तरह की फिल्में की। वे सिर्फ हीरो ही नहीं बनना चाहते थे। उनका मानना था कि कलाकार किसी भी भूमिका को अपने अभिनय से बेहतरीन बना सकता है और रोल की लंबाई कोई मायने नहीं रखती। 

11) संजीव कुमार के परिवार में कोई भी पुरुष 50 वर्ष से ज्यादा नहीं जी पाया। संजीव को भी हमेशा महसूस होता था कि वे ज्यादा नहीं जी पाएंगे। उनके छोटे भाई नकुल की मृत्यु संजीव के पहले हो गई। ठीक 6 महीने बाद बड़ा भाई किशोर भी चल बसा। संजीव कुमार ने भी 47 वर्ष की आयु में ही 6 नवम्बर 1985 को इस दुनिया को अलविदा कहा। 
 
12) फिल्म में शोले ने संजीव कुमार ने ठाकुर का रोल निभाया था। यह रोल धर्मेन्द्र करना चाहते थे। निर्देशक रमेश सिप्पी उलझन में पड़ गए। उस समय हेमा मालिनी के धर्मेन्द्र दीवाने थे और संजीव कुमार भी। रमेश सिप्पी ने धर्मेन्द्र से कहा कि तुमको वीरू का रोल निभाते हुए ज्यादा से ज्यादा हेमा के साथ रोमांस करने का मौका मिलेगा। यदि तुम ठाकुर बनोगे तो मैं संजीव कुमार को वीरू का रोल दे दूंगा। ट्रिक काम कर गई और धर्मेन्द्र ने यह जिद छोड़ दी। ठाकुर के रोल के कारण संजीव कुमार को आज तक याद किया जाता है। 
 
13) अपनी जिंदगी को लेकर चिंतित संजीव कुमार शादी करने से बचते रहे। हेमा मालिनी को वे पसंद करते थे, लेकिन बीच में धर्मेन्द्र आ गए। सुलक्षणा पंडित के साथ संजीव की नजदीकियां सुर्खियां बटोरती रहीं, लेकिन सुलक्षणा के साथ शादी करने की हिम्मत संजीव नहीं जुटा पाए। 
 
14) एक अभिनेता के रूप में संजीव कुमार की धाक थी। उनके साथ अभिनय करने वाला ज्यादातर कलाकारों का मानना था कि वे सीन चुरा कर ले जाते हैं। कहा जाता है कि 'विधाता' में संजीव कुमार भारी न पड़ जाए इसलिए दिलीप कुमार उनके साथ शॉट देने से बचते थे। 
 
15) शत्रुघ्न सिन्हा, सचिन और अमिताभ बच्चन से संजीव कुमार की बहुत अच्छी दोस्ती थी। 

16) संजीव कुमार को दो बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। एक बार दस्तक (1971) के लिए और दूसरी बार कोशिश (1973) के लिए। 14 बार फिल्मफेअर पुरस्कार के लिए संजीव कुमार नॉमिनेट हुए। दो बार उन्होंने बेस्ट एक्टर (आंधी-1976 और अर्जुन पंडित-1977) का और एक बार बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (शिकार-1969) का अवॉर्ड जीता। 
 
17) एक बार नूतन ने संजीव कुमार को थप्पड़ गाल पर रसीद दिया था। दरअसल नूतन और संजीव के बीच रोमांस की खबरें फैल रही थीं जिससे नूतन के वैवाहिक जीवन में खलबली मच गई थी। नूतन को लगा कि संजीव इस तरह की बातें फैला रहे हैं लिहाजा आमना-सामना होने पर उन्होंने संजीव को थप्पड़ जमा दिया। 
 
18) सूरत में एक सड़क और एक स्कूल का नाम संजीव कुमार के नाम पर रखा गया। 2013  में एक डाक टिकट भी संजीव कुमार की याद में जारी किया गया। 
 
19) संजीव कुमार अपने अभिनय की विविधता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने करियर में ज्यादातर चुनौतीपूर्ण रोल निभाए। रोमांटिक, हास्य और गंभीर भूमिकाओं में उन्हें खासा पसंद किया गया। 
 
20) 6 नवम्बर 1985 को संजीव कुमार ने आखिरी सांस ली। संजीव कुमार की मृत्यु के बाद उनकी दस से ज्यादा फिल्में प्रदर्शित हुईं। अधिकांश की शूटिंग बाकी रह गई थी। कहानी में फेरबदल कर इन्हें प्रदर्शित किया गया। 1993 में संजीव कुमार की अंतिम फिल्म 'प्रोफेसर की पड़ोसन' प्रदर्शित हुई। 
ये भी पढ़ें
Superhit Indori Joke : कां जाके आ रिये हो?