रणवीर सिंह की धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया है। इस फिल्म के पहले पार्ट ने बेहतरीन स्क्रीनप्ले, दमदार स्टारकास्ट, रियल घटनाओं की पकड़, शानदार निर्देशन और लार्जर-देन-लाइफ एक्शन से लोगों को सिनेमाघरों तक खींच लाया है। आइए जानते हैं धुरंधर की कामयाबी के पांच बड़े कारण जिनसे फिल्म बनी सुपरहिट।
1. वास्तविक घटनाओं को कल्पना के साथ जोड़ने वाली कहानी
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका स्क्रीनप्ले है, जिसमें संसद पर हमला, मुंबई पर पहला हमला और कांधार हाईजैक जैसी वास्तविक घटनाओं को लेकर एक काल्पनिक कहानी बुनी गई है। इन घटनाओं को बिना किसी खोखली नाटकीयता के बहुत सफाई से कहानी में पिरोया गया है। यही वजह है कि दर्शक तुरंत फिल्म की दुनिया में खिंच जाते हैं। ये घटनाएँ न सिर्फ लोगों को याद दिलाती हैं कि देश किन चुनौतीपूर्ण दौर से गुजरा है, बल्कि उन्हें किरदारों की भावनाओं से भी जोड़ देती हैं।
2. वेबसीरीज वाली ट्रीटमेंट के साथ फिल्मी भव्यता
धुरंधर की सबसे अनोखी बात इसका प्रेजेंटेशन है। कहानी का पहला तीन घंटे 34 मिनट का हिस्सा फिलहाल रिलीज हुआ है, जिसे चैप्टर फॉर्मेट में वेबसीरीज की तरह सजाया गया है। लेकिन इसका ट्रीटमेंट पूरी तरह सिनेमाई है, बड़े पैमाने का, हाई वोल्टेज और तेज रफ्तार वाला। इस फॉर्मेट ने युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए कहानी को आधुनिक, रोचक बना दिया है। हीरो की लार्जर-देन-लाइफ इमेज इस पैकेज को और मज़बूत करती है।
3. सपोर्टिंग कास्ट की पावरफुल मौजूदगी
फिल्म में रणवीर सिंह जितने चमकते हैं, उतना ही चमक दिखाती है इसकी सपोर्टिंग कास्ट। आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार अपने किरदारों को सिर्फ निभाते नहीं, उन्हें जीवंत कर देते हैं। अलग-अलग नैरेटिव्स में इन सभी की अहम भूमिकाएँ हैं, और इनके बीच की केमिस्ट्री फिल्म में नेचुरल ड्रामा पैदा करती है। यही मजबूत परफॉर्मेंस फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाती है, जिससे दर्शक शुरुआत से लेकर अंत तक जुड़े रहते हैं।
4. निर्देशक आदित्य धर की कसावटभरी प्रस्तुति
आदित्य धर ने हर सीन में एक खास टेक्सचर दिया है। चाहे वह संवाद हों, इमोशनल मोमेंट्स हों या फिर हाई-ऑक्टेन ड्रामा, हर जगह उनकी पकड़ साफ दिखाई देती है। उन्होंने फिल्म को बड़े विज़न के साथ गढ़ा है, जहाँ हर सीन कहानी को आगे बढ़ाता है और दर्शकों पर पकड़ बनाए रखता है। यही कारण है कि फिल्म का लंबा रनटाइम भी भारी नहीं पड़ता। उनकी निर्देशन शैली यह साबित करती है कि जब कहानी और प्रस्तुति एक साथ चलती हैं, तभी ऐसी फिल्मों का असर लंबा रहता है।
5. थीम के अनुरूप बर्बर और धमाकेदार एक्शन
धुरंधर का एक्शन सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है। यह फिल्म की थीम, किरदारों के इमोशन और कहानी की जरूरतों के अनुसार गढ़ा गया है। एक्शन सीन बेहद तीखे, प्रभावशाली और बर्बर हैं, जो दर्शकों को सीट से बांधे रखते हैं। रणवीर सिंह का स्क्रीन प्रेजेंस हर एक्शन मोमेंट को और दमदार बना देता है। उनकी ऊर्जा और इंटेंसिटी फिल्म को एक अलग ऊँचाई तक पहुँचाती है।
इन पाँचों कारणों ने मिलकर फिल्म को एक बड़े स्तर पर कामयाबी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चाहे वह स्टोरीटेलिंग हो, टेक्निकल क्वॉलिटी, परफॉर्मेंस या एक्शन, धुरंधर ने दर्शकों की उम्मीदों से कहीं ज्यादा दिया है। इसी वजह से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत की और लगातार शानदार कमाई कर रही है।