1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2020
  3. बिहार चुनाव
  4. jdu chief nitish kumar elected nda legislature party leader in bihar

नीतीश कुमार चुने गए NDA विधायक दल के नेता, कल लेंगे बिहार के CM पद की शपथ

Bihar
पटना। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को औपचारिक तौर पर एनडीए (NDA) विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।

नीतीश कुमार सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह फैसला एनडीए विधायक दल की बैठक में विधायकों की सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथसिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। 

सातवीं बार लेंगे शपथ : नीतीश कुमार कल सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर लौटने के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजग विधानमंडल दल के नेता के तौर पर उन्हें चुने जाने की जानकारी उन्होंने राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि कल शाम 4 से 4.30 के बीच राजभवन में वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
 
विधानमंडल का नेता : इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को एक बार फिर पार्टी विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास एक अणे मार्ग में जदयू के नवनिर्वाचित विधायकों और विधान पार्षदों की आज हुई बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से पार्टी विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया। बैठक में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव आरसीपी सिंह और वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद थे।