रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. एशियन गेम्स 2023
  4. Parul Chaudhary won silver medal in 3000 meter steeplechase
Written By
Last Updated :हांगझोउ , सोमवार, 2 अक्टूबर 2023 (22:00 IST)

Asian Games 2023 : पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में जीता रजत, प्रीति को मिला कांस्‍य

Asian Games 2023 : पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में जीता रजत, प्रीति को मिला कांस्‍य - Parul Chaudhary won silver medal in 3000 meter steeplechase
Asian Games 2023 : भारत की पारुल चौधरी और प्रीति ने सोमवार को यहां एशियाई खेलों की महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते, जबकि युवा ऐंसी सोजन ने महिला लंबी कूद में रजत पदक अपने नाम किया। भारत की मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम का कांस्य पदक भी रजत पदक में बदल गया जब श्रीलंका की टीम को ‘लेन के उल्लंघन’ के कारण डिस्क्वालीफाई कर दिया गया।

श्रीलंका ने स्पर्धा में दूसरा जबकि भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया था। पारुल और प्रीति हालांकि बहरीन की विनफ्रेड मुतिले यावी से काफी पीछे रहीं जिन्होंने नौ मिनट 18.28 सेकंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता और अपने खिताब का बचाव किया।

पारुल ने नौ मिनट 27.63 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। उन्होंने बहरीन की धाविका से नौ सेकंड से भी अधिक समय लिया। प्रीति ने नौ मिनट 43.32 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। प्रीति ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इससे पहले खेलों का रिकॉर्ड बहरीन की ही जेबेट रुथ के नाम था जिन्होंने दक्षिण कोरिया के इंचियोन में 2014 एशियाई खेलों के दौरान नौ मिनट 31.36 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। पारुल भी एशियाई खेलों के रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहीं लेकिन यह उनके राष्ट्रीय रिकॉर्ड के आसपास भी नहीं था।

उन्होंने इस साल अगस्त में बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप के दौरान नौ मिनट 15.31 सेकंड के समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई किया था। प्रीति भी अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बावजूद पारुल से लगभग 16 सेकंड पीछे रहीं। उनके और बहरीन की मेकोनेन टिगेस्ट के बीच कांस्य पदक के लिए करीबी मुकाबला था।

मेकोनेन नौ मिनट 43.71 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रहीं। महिला लंबी कूद में ऐंसी ने दो बार अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 6.63 मीटर के प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। चीन की शियोंग शिकी ने 6.73 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता।

वियतनाम की एनगा यान युई 6.50 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। ऐंसी ने तीसरे प्रयास में 6.56 मीटर का अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जिसमें वह अपने पांचवें प्रयास में सुधार करने में सफल रहीं। स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं एक अन्य भारतीय शैली सिंह ने निराश किया और 6.48 मीटर के प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

मोहम्मद अजमल वारियाथोडी, विथ्या रामराज, राजेश रमेश और सुभा वेंकटेशन की चौकड़ी ने चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में तीन मिनट 14.34 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। भारतीय धावकों की खुशी हालांकि उस समय बढ़ गई जब तीन मिनट 14.25 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही श्रीलंका की टीम को ‘लेन के उल्लंघन’ के कारण डिस्क्वालीफाई कर दिया गया।

बहरीन के धावकों ने तीन मिनट 14.02 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। चौथे स्थान पर रहे कजाखस्तान को अंतत: कांस्य पदक मिला जिसके खिलाड़ियों ने तीन मिनट 24.85 सेकंड में रेस पूरी की थी। तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में कीनिया में जन्मीं 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता बहरीन की मावी ने जल्द ही बाकी खिलाड़ियों पर मजबूत बढ़त बना ली और उन्होंने पारुल को कम से कम 50 मीटर के अंतर से पछाड़ा।

पुरुष 200 मीटर फाइनल में भारत के अमलान बोरगोहेन 20.98 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहे। स्वर्ण पदक जापान के कोकी उएयामा ने 20.60 सेकंड के समय के साथ जीता। सऊदी अरब के मोहम्मद अब्दुल्लाह अबकर (20.63 सेकंड) को रजत, जबकि चीनी ताइपे के येंग चुन हेन (20.74 सेकंड) को कांस्य पदक मिला।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
Asian Games में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल बने पहले भारतीय बल्लेबाज, नेपाल पर मिली 23 रनों से जीत