1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार

सभी खिताब के दावेदार : आनंद

विश्वनाथन आनंद मैक्सिको सिटी विश्व शतरंज चैंपियनशिप
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने कहा कि सितंबर में मैक्सिको सिटी में होने वाली विश्व शतरंज चैंपियनशिप में किसी भी खिला़ड़ी की चुनौती को कम करके आँकना खतरनाक हो सकता है।

आनंद ने छह शहरों में हुई एनआईआईटी इंपिरिया टेक्नोलॉजी (एक तरह की वीडियो काँफ्रेंसिंग) के दौरान कहा कि विश्व चैंपियनशिप में दुनिया के चोटी के आठ खिलाड़ी भाग लेंगे और वहाँ जो बेहतर खेलेगा, वही जीत दर्ज करेगा। इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता में किसी को भी कम करके नहीं आँका जा सकता है।

इस पूर्व विश्व चैंपियन ने कहा कि वह 11 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप के लिए पूरी तरह तैयार है। मेरे लिए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी के तौर पर मैक्सिको में खेलना एक बढ़िया मौका है। मुझे आशा है कि मैं वहाँ अच्छा प्रदर्शन करूँगा।

आनंद से जब पूछा गया कि बल्गारिया के वेसलिन टोपालोव उस चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाएँगे, ऐसे में उन्हें सबसे कड़ी चुनौती किससे मिल सकती है? उन्होंने कहा सभी खिलाड़ी खतरनाक होते हैं और मैं किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लेना चाहूँगा।

अमेरिका के गाटा कामास्की से भी आनंद को चुनौती मिल सकती है, जिन्होंने पिछले साल शानदार वापसी की। भारतीय स्टार ने इस बारे में कहा कि मैं उनसे (कामास्की) नियमित तौर पर नहीं खेला हूँ और उनके खेल के बारे में बहुत नहीं जानता।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें