1. खेल-संसार
  2. »
  3. लंदन ओलिम्पिक 2012
  4. »
  5. ओलिम्पिक समाचार
  6. Olympic Updates in Hindi

हार पर हंस रही थी दीपिका...

दीपिका कुमारी
FILE
लंदन ओलिंपिक से बुधवार बाहर हो गईं शीर्ष भारतीय महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी के कोच धर्मेंद्र तिवारी ने कहा है कि पहली बार ओलिंपिक में भाग लेने के दबाव, मौसम से तालमेल नहीं बिठा पाने तथा अपने स्वाभाविक अंदाज में नहीं खेलने के कारण ही दुनिया की इस नंबर एक धनुर्धर को ब्रिटेन की एक गुमनाम-सी खिलाड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

तिवारी ने भारतीय तीरंदाजी टीम के अन्य खिलाड़ियों के लचर प्रदर्शन के दबाव को भी दीपिका के खराब खेल का एक कारण बताया। दीपिका की हार के ठीक बाद तिवारी ने कहा कि आज उनके टेम्परामेंट, खेल के दौरान व्यवहार से मुझे बहुत मायूसी हुई।

उन्होंने क्वालीफाइंग दौर में इससे बेहतर खेल दिखाया था और 662 अंक के साथ दसवें स्थान पर थीं। आज खराब निशाना लगाने के बावजूद कई बार वे हंसती हुई नजर आईं जो टेम्परामेंट के लिहाज से बिलकुल ठीक नहीं था।

उन्हें देखकर यह नहीं लग रहा था कि वे दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी है और 57वें रैंक की एक ब्रिटिश तीरंदाज उसे मात दे रही है। टाटा आर्चरी अकादमी में दीपिका को लंबे समय से प्रशिक्षण देते रहे तिवारी ने कहा कि इसके अलावा पहली बार ओलिंपिक में भाग लेने और साथी खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन का दबाव भी दीपिका पर पड़ा।

कोलकाता के 42 डिग्री से. के गर्म तापमान से सीधे लंदन के 14 डिग्री से. की ठंड में पहुंचने से भी उन्हें मौसम अनुकूलन संबंधी परेशानी हुई। भारतीय तीरंदाज खेल से मात्र एक हफ्ते पहले लंदन पहुंचे जिससे तरूणदीप रॉय को छोड़कर बाकी सभी की तबीयत खराब हो गई। दीपिका को भी सर्दी-जुकाम की शिकायत हो गई थी। इस बात ने भी उनके खेल को काफी प्रभावित किया।

ज्ञातव्य है कि जूनियर विश्व चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ गेम्स समेत कई नामी -गिरामी प्रतियोगिताओं में जीत चुकी दीपिका को लंदन ओलिंपिक में भारत की एक बड़ी पदक उम्मीद माना जा रहा था। टाटा स्टील ने उनकी हौसला अफजाई के लिए ओलिंपिक से ठीक पहले उन्हें अपने यहां सीनियर मैनेजर की नौकरी का तोहफा दिया था। कंपनी ने ओलिंपिक के लिए उसे दक्षिण कोरिया में एक माह का विशेष प्रशिक्षण भी दिलवाया था। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता