1. खेल-संसार
  2. »
  3. लंदन ओलिम्पिक 2012
  4. »
  5. ओलिम्पिक समाचार
  6. Olympic Updates in Hindi

राहुल ने साधा जीत पर निशाना

राहुल बैनर्जी
FILE
राहुल बनर्जी ने ओलिंपिक तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा के शुरुआती दौर में धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज करके इस खेल में मिल रही लगातार निराशा के बीच मंगलवार को आशा की किरण जगाई।

बनर्जी ने लॉर्डस क्रिकेट मैदान पर अपने से अधिक वरीयता वाले मंगोलियाई तीरंदाज जॉनस्टन गैनटग्स को 6-0 (84-76) से करारी शिकस्त दी। ओलिंपिक में 54वीं वरीयता वाले भारतीय तीरंदाज ने हवादार परिस्थितियों के बावजूद शुरू से ही अपने 33वीं वरीय प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बनाए रखी और उसे आखिर तक कायम रखकर केवल तीन सेट में जीत दर्ज कर ली।

उनका अगला मुकाबला अब पोलैंड के राफेल डोबरोवोलस्की से होगा जो 104वीं रैंकिंग के हैं। बनर्जी ने पहले सेट में 9, 10, 10 का स्कोर बनाकर गैनटग्स को 29-27 से हराकर दो अंक हासिल किए।

इस सेट में मंगोलियाई तीरंदाज तीनों प्रयास में समान नौ का स्कोर बना पाए थे। इसके बाद दूसरे सेट में उन्होंने पहले प्रयास में दस का स्कोर बनाया लेकिन अगले दो प्रयास में वे थोड़ा ढीले पड़ गए तथा 9 और 6 का स्कोर ही बना पाए।

इस बीच गैनटग्स ने हालांकि 24 स्कोर बनाया और इस तरह से बनर्जी ने यह सेट 25-24 से अपने नाम कर दिया। भारतीय तीरंदाज ने तीसरे सेट में तीनों बार दस का परफेक्ट स्कोर बनाया और 30-25 से यह सेट जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें