Last Modified: नई दिल्ली (वार्ता) ,
शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2008 (16:53 IST)
मिक्की और मिनी माउस का भारतीय अवतार
डिजनी कंपनी ने बच्चों के बीच दुनिया के सबसे मशहूर कार्टून चरित्रों मिकी और मिन्नी माउस का इंडियन अवतार बाजार में उतारा है।
अब भारतीय बच्चों को मिकी और मिन्नी माउस कार्टून चरित्र पराए नहीं लगेंगे, क्योंकि ये दोनों कार्टून चरित्र अब भारतीय परिधान पहनकर भारतीय शैली में बच्चों को मनोरंजन करेंगे और कल्पना की दुनिया में प्यार की पींगे बढ़ाते नजर आएँगे।
डिजनी का मकसद दुनिया के इन दोनों मशहूर कार्टून चरित्रों को भारत की उभरती हुई अर्थव्यवस्था में भुनाना है। डिजनी इंडिया कंपनी के निदेशक कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के शेषये ने बताया मिकी और मिन्नी का भारतीय संस्करण आगरा के ताजमहल के सामने भारतीय बाजार में उतारा गया है।
उन्हें उम्मीद है कि भारतीय बच्चों के बीच मिकी और मिन्नी का भारतीय संस्करण बेहद लोकप्रिय होगा और ऐसे में एक अंतरराष्ट्रीय कार्टून ब्रांड का भारतीयकरण हो गया है।
वैसे कंपनी पिछले चार साल से भारत में कारोबार कर रही है। कंपनी को लगता है कि भारत में उसके लिए काफी व्यावसायिक संभावनाएँ हैं। ऐसे में ऐनीमेशन के बढ़ते प्रभाव के कारण कुछ और अंतरराष्ट्रीय कार्टून चरित्रों के भारतीय अवतार भी आ सकते हैं।
बाल हनुमान, माई फ्रेंड गणेश और रोड साइड रोमियों की सफलता से उत्साहित डिजनी कंपनी ने आने वाले समय में एनीमेशन फिल्मों के बाजार में पूरी तरह उतरने से इनकार तो नहीं किया, लेकिन कहा कि अंतरराष्ट्रीय कार्टून चरित्रों को भारतीयता में डालना जरूरी है, ताकि बच्चों को वे पराये नहीं लगे।