1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार

जहीर खान के टखने में चोट

टीम इंडिया के लिए चिंता का कारण

जहीर खान को टखने की चोट
इंग्लैंड के खिलाफ सात एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 1-3 से पिछड़ चुकी भारतीय टीम के लिए बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान के टखने की चोट चिंता का सबब बन गई है।

जहीर गुरुवार को यहाँ खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में बल्लेबाजी के दौरान टखने में चोट खा बैठे थे। टीम की पारी में अंतिम ओवरों के दौरान तेज रन जोड़ने के प्रयास में जहीर को 47वें ओवर की आखिरी गेंद पर टखने में चोट लगी। भारत यह मैच तीन विकेट से हारा।

हालाँकि गेंदबाजी के लिए पहले स्पैल में जहीर ने टखने में किसी तकलीफ को जाहिर नहीं होने दिया, लेकिन जब वह दूसरे स्पैल में तीन ओवर करने आए तो उनकी तकलीफ साफ देखी जा सकती थी।

कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि जहीर की चोट हमारे लिए चिंता की बात है, लेकिन अगले मैच से पहले हमारे पास दो दिन का समय है और उम्मीद है कि इस दौरान जहीर फिट हो जाएँगे।

जहीर ने इंग्लैंड के दौरे के दौरान सबसे ज्यादा 228.2 ओवर गेंदबाजी की है। दौरा शुरु होने से पहले उनकी ग्रोइन में खिंचाव हुआ था, लेकिन उन्होंने टेस्ट में वापसी की तथा 'मैन ऑफ द सिरीज' रहे थे। जहीर फ्लू के कारण ब्रिस्टल के दूसरे एकदिवसीय मैच में भी नहीं खेले थे।

इस बीच चौथे मैच में 71 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे युवराजसिंह ने भी मैच के बाद दर्द की शिकायत की थी। हालाँकि टीम के प्रशासनिक मैनेजर राजीव शुक्ला ने कहा है कि युवराज पूरीत रह फिट हैं।

भारत को पाँचवाँ मैच रविवार को हेडिंग्ले के लीड्स मैदान पर खेलना है1 भारत को श्रृंखला में बने रहने के लिये यह मैच हर हाल में जीतना है।
लेखक के बारे में
वार्ता