1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार

कुंबले की गैरमौजूदगी खली

अनिल कुंबले बांग्लादेश टेस्ट राहुल द्रविड़
'टीम इंडिया' के कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि अनुभवी लेग स्पिनर अनिल कुंबले की गैरमौजूदगी से बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की जीत की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा।

उन्होंने कहा मैच में जो हालात थे, उनमें कुंबले का मैदान पर नहीं होना हमारे लिए बड़ा झटका रहा। उन्हें बुखार था और अब वह ठीक हैं। कुंबले सोमवार की सुबह फ्लू की चपेट में आ गए थे और टेस्ट मैच के आखिरी दो दिन मैदान में नहीं उतर सके।

भारत ने चौथे दिन बांग्लादेश की पहली पारी में 149 रन पर आठ विकेट झटककर मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, लेकिन इसके बाद मशरफे मुर्तजा और शहादत हुसैन के बीच नौंवे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी ने मेजबान टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।

द्रविड़ ने 6 विकेट पर 100 रन के स्कोर पर दूसरी पारी घोषित करने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि उन्होंने यह निर्णय यह सोचकर लिया था कि बांग्लादेश 43 ओवर में 250 रन के लक्ष्य का पीछा सकारात्मक तरीके से करेगा।

द्रविड़ ने कहा बांग्लादेश ने पहला विकेट गँवाने के बाद संभलकर खेलना शुरू किया। चूँकि हमारे गेंदबाजों को विकेट से खास मदद नहीं मिल रही थी, लिहाजा मुकाबले का अनिर्णित होना तय हो गया।

भारतीय कप्तान ने बशर के इस बयान को खारिज कर दिया कि बांग्लादेश को इस मैच से मनोवैज्ञानिक बढत हासिल हुई है। उन्होंने कहा मैं ऐसा नहीं मानता। वे एक समय जूझ रहे थे और हम मुकाबले को जीतने के लिए खेल रहे थे। अगर वे ऐसा सोचते हैं कि मैं उन्हें शुभकामना देता हूँ। वैसे भी मैं यहाँ मनोवैज्ञानिक जंग जीतने नहीं आया हूँ।

द्रविड़ ने तेज गेंदबाजों रुद्र प्रताप सिंह और वीआरवी सिंह की भी तारीफ की। उन्होंने कहा तेज गेंदबाजों के लिए हालात अनुकूल नहीं थे, लेकिन आरपी सिंह ने जोश से गेंदबाजी की। पिछले कुछ समय से उनकी गेंदबाजी में काफी निखार आया है।

उन्होंने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मशरफे मुर्तजा की भी प्रशंसा की और कहा कि बांग्लादेश खुशकिस्मत है कि उनकी टीम में ऐसा क्रिकेटर है। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और निचले क्रम में उन्होंने अपने बल्ले से अच्छा योगदान किया।
लेखक के बारे में
वार्ता