1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

हम बच्चों की तरह खेले: वार्न

कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने टीम की हार के लिए बल्लेबाजों को दोषी ठहराया और कहा कि उन्होंने ‘गैरजिम्मेदाराना’ शॉट खेलकर अपने विकेट गँवाए।

राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम कल नाइटराइडर्स के खिलाफ 81 रन पर ढेर हो गई थी जिसके बाद गौतम गंभीर की कप्तानी वाली टीम ने यह मैच आठ विकेट से जीत लिया।

वार्न ने मैच के बाद कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने कुछ काफी गैरजिम्मेदाराना शॉट खेले। वे बच्चों की तरह क्रिकेट खेले। यह काफी निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारियाँ काफी अच्छी थीं। हमने बहुत अभ्यास किया था। टीम में पहले दिन से अच्छी भावनाएँ हैं।
उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानता कि हम प्रदर्शन करने में नाकाम कैसे रहे। यह कमजोरी है जो शर्मिंदापूर्ण है। टीम के कोच की भूमिका भी निभाने वाले वार्न ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल में कई अच्छी प्रतिभाएँ खोजी हैं।

उन्होंने कहा कि युवा (रविंदर) जडेजा, (आरोन) फिंच को देखिए, (यूसुफ) पठान, (पाल) वालथाटी, (मुनाफ) पटेल...ये कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले और अब शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं।

गौरतलब है कि दाएँ हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी (15 रन देकर तीन विकेट) और शाकिब अल हसन (21 रन पर दो विकेट) की कहर बरपाती गेंदों के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को 37 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से रौंदकर लगातार दूसरी बार शर्मनाक हार झेलने पर मजबूर कर दिया था। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें