1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

शुरुआती विकेट गँवाना महँगा पड़ा-सचिन

आईपीएल 4 मुंबई इंडियंस सचिन तेंडुलकर
आईपीएल-4 में शुक्रवार को यहाँ दूसरी हार झेलने वाले मुंबई इंडियंस के कप्तान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने कहा है कि उनकी टीम को मेजबान राजस्थान रायल्स के खिलाफ शुरुआती ओवरों में विकेट गँवाना महँगा पड़ा।

सचिन ने मैच के बाद कहा हमने जल्द ही कई विकेट खो दिए। इसके बाद स्ट्राइक को जल्दी रोटेट नहीं कर सके जिसका खामियाजा हमें हारकर भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा हम अगर 130 रन भी बना पाते तो यह स्कोर चुनौतीपूर्ण होता लेकिन ऐसा नहीं कर सके। हमारा मध्यक्रम भी तेजी से रन जुटाने में नाकाम रहा।

सचिन ने रायल्स टीम की तारीफ करते हुए कहा आप राजस्थान से उसका श्रेय नहीं छीन सकते। टीम ने गजब की बॉलिंग और फील्डिंग की। यह पिच मुंबई से काफी अलग है लेकिन फिर भी राजस्थान जीत का हकदार था। मैन ऑफ द मैच योहान बोथा ने कहा कि एक मजबूत टीम के खिलाफ जीत दर्ज कर वह बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा विकेट अच्छी हो तो नई गेंद पर बल्लेबाजी करने में वाकई मजा आता है। आज काफी अच्छा लगा।

बोथा ने कहा मैं अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूँ। हम तो बस एक अच्छी शुरुआत चाहते थे और ऐसा करने में कामयाब रहे। हमने पहले छह ओवरों में ही मुंबई के दो-तीन विकेट निकाल लिए और यही हमारी सफलता की चाबी रही। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता