1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

वापसी चाहेगी राजस्थान और चैलेंजर्स

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और राजस्थान रॉयल्स
अपने अभियान को सही रास्ते पर बरकरार रखने के लिए जूझ रहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और राजस्थान रॉयल्स की टीमों को मंगलवार को यहाँ आईपीएल मुकाबले में जीत की दरकार रहेगी।

रॉयल चैलेंजर्स की आईपीएल के चौथे सत्र की शुरुआत काफी खराब रही है। इस टीम ने अब तक अपने चार मैचों में तीन में हार झेलनी पड़ी और अब उनकी नजरें यहाँ चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने अभियान को पटरी पर लाने पर होंगी। जबकि लगातार दो मैच हार चुकी राजस्थान रॉयल्स टीम का प्रदर्शन भी अभी तक निराशाजनक ही रहा है।

बेंगलूर की टीम मध्यक्रम के बल्लेबाज विराट कोहली और एबी डिविलियर्स पर ज्यादा ही निर्भर है जो उसकी कमजोरी साबित हो रही है और वह फिलहाल अंक तालिका में सबसे नीचे है। अगर उन्हें नाकआउट दौर के लिए क्वालीफाई करना है तो हर खिलाड़ी को गेंद, बल्ले और क्षेत्ररक्षण में अपना योगदान देना होगा।

कोहली और डिविलियर्स के अलावा सौरभ तिवारी, चेतेश्वर पुजारा और मयंक अग्रवाल बल्ले से प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं जो टीम के लिए कमजोरी साबित हो रही है। टीम मालिकों के साथ प्रशंसक भी इससे काफी निराश हैं।

बेंगलूर टीम की गेंदबाजी भी ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही है। इसके साथ खराब क्षेत्ररक्षण और कैचिंग ने हालात और खराब कर दिए हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पिछले मैच में माइकल हस्सी का आठ रन पर मोहम्मद कैफ ने कैच छोड़ दिया था जिसका फायदा उठाते हुए इस बल्लेबाज ने 56 गेंद में 83 रन की पारी खेली थी। वहीं दूसरी ओर आईपीएल के पहले सत्र की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स के चार मैचों में चार अंक हैं। नाइटराइडर्स के खिलाफ राजस्थान टीम का कल रात प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा और उनके बल्लेबाज 81 रन पर ढेर हो गए।

इस टीम के पास शेन वाटसन जैसा आलराउंडर है जो अपने दम पर मैच का पासा पलटने का दम रखता है। टूर्नामेंट में अब तक अच्छा प्रदर्शन करने वाले राहुल द्रविड़ से भी टीम की उम्मीदें होंगी। कप्तान और गेंदबाज के रूप में टीम के पास शेन वार्न जैसा खिलाड़ी है।

टीमें इस प्रकार हैं : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर : डेनियल विटोरी (कप्तान), तिलकरत्ने दिलशान, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, सौरभ तिवारी, डिर्क नानेस, अभिमन्यु मिथुन, चेतेश्वर पुजारा, सीएम गौतम, असद पठान, जोहान वान डर वाथ, चार्ल लेंग्वेल्ट, जोनाथन वानदियर और अबरार काजी।

राजस्थान रॉयल्स : शेन वार्न (कप्तान), अमित सिंह, स्वप्निल असनोडकर, स्टुअर्ट बिन्नी, जोहान बोथा, दीपक चाहर, अंकित चव्हाण, आकाश चोपड़ा, आदित्य डोले, नयन दोषी, राहुल द्रविड़, समद फल्लाह, फैज फजल, अशोक मनेरिया, सुमित नरवाल, जैकब ओरम, पंकज सिंह, अमित पौनीकर, अजिंक्या रहाणे, अभिषेक राउत, दिनेश सालुंखे, पिनाल शाह, शान टैट, रास टेलर, सिद्धार्थ त्रिवेदी, शेन वाटसन और हरेंद्र यागनिक। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें