1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

मुंबई ने पुणे को सात विकेट से हराया

आईपीएल 2011
मुनाफ पटेल की करिश्माई गेंदबाजी के बाद अंबाती रायडू और सचिन तेंडुलकर की उम्दा पारियों की मदद से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में बुधवार को यहाँ पुणे वारियर्स को सात विकेट से हरा दिया।

रायडू ने 40 गेंद में चार चौकों की मदद से 37 रन बनाए और कप्तान सचिन (35) के साथ दूसरे विकेट के लिए 12 ओवर में 74 रन की साझेदारी की, जिसकी बदौलत मुंबई ने अंतिम गेंद पर तीन विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाकर मैच जीत लिया।

मुंबई के लिए रोहित शर्मा (18 गेंद में नाबाद 20) और एंड्रयू साइमंड्स (15 गेंद में नाबाद 16) ने चौथे विकेट के लिए 35 रन की अटूट साझेदारी की। रोहित ने मैच की अंतिम गेंद पर मुरली कार्तिक पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले मुनाफ (आठ रन पर तीन विकेट) और अबु नेचिम अहमद (13 रन पर दो विकेट) की जानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने पुणे वारियर्स को सिर्फ 118 रन पर ढेर कर दिया। अली मुर्तजा और लसिथ मलिंगा ने भी दो दो विकेट चटकाये।

पुणे की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गँवाए और रोबिन उथप्पा (45) की आकषर्क पारी के बावजूद टीम 17.2 ओवर में ही सिमट गई।

मुंबई की चार मैचों में यह तीसरी जीत है और वह छह अंक जुटाकर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुँच गई है। दूसरी तरफ पुणे वारियर्स की चार मैचों में यह लगातार दूसरी हार है और वह चौथे स्थान पर है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने दूसरे ओवर में ही जेम्स फ्रेंकलिन (06) का विकेट गँवा दिया, जो श्रीकांत वाघ का शिकार बने। बेहतरीन फार्म में चल रहे तेंडुलकर और रायडू ने इसके बाद पुणे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

तेंडुलकर और रायडू दोनों ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह थी, लेकिन खराब गेंद को नसीहत देने में भी कोई कोताही नहीं बरती। तेंडुलकर ने वाघ की गेंद पर मिड विकेट क्षेत्र पर चौका जड़ा जबकि रायडू ने मुरली कार्तिक और वायने पार्नेल की गेंद को चार रन के लिए भेजा। इन दोनों की संकल्पपूर्ण पारियों के आगे पुणे के गेंदबाज बेअसर दिखे। दोनों ने 7.5 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन तक पहुँचाया।

रायडू 32 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब राहुल शर्मा की गेंद पर लांग ऑफ पर अल्फांसो थॉमस ने उनका कैच लपक लिया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण छक्का बचाने के लिए उन्होंने गेंद वापस फेंक दी और खुद बाउंड्री के पार चले गए। तेंडुलकर हालाँकि अगली गेंद पर रायडू जैसा शॉट दोहराने की कोशिश में थॉमस को ही कैच दे बैठे। उन्होंने 39 गेंद की अपनी पारी में दो चौके मारे।

रायडू भी अगले ओवर में थॉमस की गेंद पर राहुल को कैच देकर पैवेलियन लौटे जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 89 रन हो गया। तेंडुलकर और रायडू हालाँकि टीम की जीत की नींव रख चुके थे और इस समय मुंबई को जीत के लिए पाँच ओवर में 30 रन की दरकार थी।

रोहित और साइमंड्स ने इसके बाद टीम को लक्ष्य तक पहुँचा दिया। पुणे की तरफ से थॉमस (चार ओवर में 16 रन पर एक विकेट) और राहुल (तीन ओवर में 14 रन पर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की।

इससे पहले टास जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पुणे वारियर्स की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पाँचवें ओवर में 17 रन के स्कोर तक ही अपने चोटी के चार विकेट गँवा दिए।

सलामी बल्लेबाज जेसी राइडर (12) ने मलिंगा और मुर्तजा पर चौके जड़े। तेंडुलकर ने चौथे ओवर में गेंद अबू को थमाई, जिन्होंने राइडर को अपने कप्तान के हाथों कैच कराकर टीम को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने एक गेंद बाद मिथुन मन्हास (0) की पारी का भी अंत कर दिया, जो ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ के प्रयास में विकेटकीपर अंबाती रायडू को कैच दे बैठे।

तेंडुलकर ने अगले ओवर में फिर बदलाव किया और गेंद मुनाफ पटेल को दी, जिन्होंने सलामी बल्लेबाज टिम पेन (02) को बोल्ड करने के बाद पुणे के कप्तान युवराजसिंह (0) को रायडू के हाथों कैच कराकर टीम का स्कोर 17 रन पर चार विकेट कर दिया।

उथप्पा और मोहनीश मिश्रा ने इसके बाद पारी को सँवारने की कोशिश की। दोनों ने पाँचवें विकेट के लिए 35 रन जोड़े। मिश्रा ने मुनाफ पर चौका जड़ा, जबकि उथप्पा ने अबू की गेंद को चार रन के लिए भेजा। तेंडुलकर ने आठवें ओवर में जब गेंद किरोन पोलार्ड को थमाई तो उथप्पा ने उनका स्वागत चौके से करने के बाद फ्री हिट पर छक्का भी जड़ा। मिश्रा हालाँकि ज्यादा देर उथप्पा का साथ नहीं निभा पाए और मुर्तजा की गेंद पर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर पैवेलियन लौट गए।

उथप्पा ने अपने आक्रामक तेवर जारी रखे और मलिंगा पर दो चौके जड़ने के अलावा जेम्स फ्रेंकलिन की गेंद को भी चार रन के लिए भेजा। मलिंगा ने हालाँकि इस बीच मुरली कार्तिक (11) को साइमंड्स के हाथों कैच हराकर टीम को छठा झटका दिया।

पोलार्ड ने मुर्तजा की गेंद पर गोता लगाते हुए उथप्पा का बेहतरीन कैच लपका। उथप्पा ने 37 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। फ्रेंकलिन ने इसके बाद वेन पार्नेल (9) जबकि मलिंगा ने श्रीकांत वाघ (2) को पैवेलियन भेजा। मुनाफ ने राहुल शर्मा (13) को आउट करके पुणे की पारी का अंत किया। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें