1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

नाइटराइडर्स की लगातार दूसरी जीत

आईपीएल
दाएँ हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी (15 रन देकर तीन विकेट) और शाकिब अल हसन (21 रन पर दो विकेट) की कहर बरपाती गेंदों के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स को 37 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से रौंदकर लगातार दूसरी बार शर्मनाक हार झेलने पर मजबूर कर दिया।

इस जीत के साथ ही पिछले तीन सत्रों में कुछ खास प्रदर्शन न कर पाई बॉलीवुड बादशाह शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स चार मैचों में से तीन मैच जीतकर छह अंकों के साथ शीर्ष पर पहुँच गई है जबकि बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की टीम राजस्थान रॉयल्स को चार मैचों में दो में हार का सामना करना पड़ा है और उसके चार अंक हैं। अपने शुरुआती दोनों मैच जीतने वाली राजस्थान की टीम को शुक्रवार को केकेआर ने ही पहली बार हार का स्वाद चखाया था।

बालाजी और शाकिब ने गजब की गेंदबाजी करते हुए राजस्थान की पूरी टीम को 15.2 ओवर में मात्र 81 के स्कोर पर निपटा दिया। केकेआर के लिए 82 रन का लक्ष्य बेहद आसान रहा और उसने कप्तान गौतम गंभीर (नाबाद 35) और मनोज तिवारी (नाबाद 30) के बीच तीसरे विकेट के लिए अविजित 54 रन की मैच विजयी साझीदारी की बदौलत 13.2 ओवर में मैच निपटा दिया। केकेआर रिपीट केकेआर ने दो विकेट पर 85 रन बनाए।

बालाजी ने तीन ओवर में मात्र 15 रन देकर शेन वॉटसन (11) मीनारिया और अजिंक्या रहाणे (6) को आउट किया जबकि शाकिब ने चार ओवर में 21 रन देकर 15वें ओवर में लगातार गेंदों पर अमित सिंह (0) और शान टेट (0) के विकेट लिए। गंभीर ने 35 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौकों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए जबकि तिवारी ने 26 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए।

हालांकि केकेआर की शुरूआत अच्छी नहीं रही और ओपनर जैक्स कैलिस पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर खाता खोले बिना ही आउट हो गए1 कैलिस को शान टैट ने रास टेलर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद मानविंदर बिसला (9) और गंभीर के बीच दूसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी हुई।

मानविंदर छठे ओवर की आखिरी गेंद पर 22 गेंदों में मात्र नौ रन बनाकर शेन वॉर्न की गेंद पर मिडविकेट पर अभिषेक राउत को कैच थमा बैठे, लेकिन इसके बाद गंभीर और तिवारी ने नाबाद 54 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की मंजिल तक पहुँचाया।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से टैट ने 3.5 ओवर में 29 रन देकर और कप्तान वॉर्न ने चार ओवर में 17 रन देकर एक एक विकेट लिया। टीम के अन्य किसी गेंदबाज को कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

इससे पहले केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने टास जीतकर राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नाइटराइडर्स की गेंदबाजी के आगे असहाय नजर आ रही राजस्थान रॉयल्स की टीम का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाया। टीम की ओर से अशोक मीनारिया ने सर्वाधिक 21 रन बनाए।

रॉयल्स की टीम की शुरूआत ही बेहद खराब रही और बालाजी ने चौथे ओवर में ओपनर शेन वाटसन को अपना शिकार बनाया1 उस समय टीम का स्कोर 24 रन था। अगले ही ओवर में दूसरे ओपनर अमित पौनीकर (15) भी इकबाल अब्दुल्ला की गेंद पर मनविंदर बिस्ला को कैच थमाकर चलते बने।

इसके बाद तो मानो एक के बाद एक विकेट गिरने की झड़ी सी लग गई। फैज फजल (3) और अभिषेक राउत (11) दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रनआउट हो गए। रोस टेलर (6) ने मीनारिया के साथ पाँचवें विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की। वह 11वें ओवर में 67 के टीम स्कोर पर यूसुफ पठान का शिकार बने।

अजिंक्या रहाणे (6) के 13वें ओवर की पहली गेंद पर 78 के टीम स्कोर पर आउट होने के बाद टीम के आखिरी चार बल्लेबाज मात्र तीन रन जोड़कर पैवेलियन लौट गए और रॉयल्स की पारी 81 रन पर सिमट गई।

मीनारिया ने 17 गेंदों की अपनी पारी में एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए जबकि अमित सिंह और शान टेट शाकिब की गेंद पर और सिद्धार्थ त्रिवेदी ब्रेट ली की गेंद पर खाता खोले बिना ही आउट हो गए। कप्तान शेन वॉर्न ने नाबाद तीन रन बनाए।

'मैन ऑफ द मैच' बालाजी ने केकेआर की ओर से सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि शाकिब को विकेट मिले। ब्रेट ली, इकबाल और यूसुफ ने एक एक विकेट हासिल किया। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता