1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

कोच्चि को उलटफेर की उम्मीद

मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर उलटफेर करने वाली इंडियन प्रीमियर लीग की नई फ्रेंचाइजी कोच्चि टस्कर्स केरल सोमवार को यहाँ गत चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ होने वाले टी-20 टूर्नामेंट के कड़े मुकाबले में फिर से उलटफेर करने की कोशिश करेगी।

आईपीएल के शुरुआती दो मैचों में हार का मुँह देखने वाली कोच्चि टस्कर्स केरल ने मुंबई इंडियंस पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी जो उसकी पहली जीत भी है। कप्तान महेला जयवर्धने ने कहा कि इस जीत से यह सुनिश्चित हो गया कि अब प्रतिद्वंद्वी टीमें उन्हें ज्यादा गंभीरता से लेंगी।

खतरनाक ब्रैंडन मैकुलम मुंबई के खिलाफ इस मुकाबले में अपनी आक्रामक फॉर्म में आ गए थे और जयवर्धने ने उन्हें महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इसके बाद भारत के ऑलराउंडर रविंदर जडेजा ने मुंबई इंडियंस को परास्त करने की जिम्मेदारी उठाई, जिसने कप्तान सचिन तेंडुलकर के पहले टी20 शतक से विशाल स्कोर खड़ा किया था।

जयवर्धने ने इस शानदार जीत के बाद कहा था, ‘हमें अंत तक चुनौतियों का सामना करना होगा। मुझे लगता है कि इस जीत के बाद प्रतिद्वंद्वी टीमें अब हमें और गंभीरता से लेंगी। इससे हमारे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।’ श्रीलंकाई अनुभवी खिलाड़ी ने यहाँ नेहरू स्टेडियम में चेन्नई के खिलाफ होने वाले मुकाबले में इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

कोच्चि टस्कर्स केरल के लिए गेंदबाजी हालाँकि बड़ी चिंता हैं क्योंकि तेज गेंदबाज एस. श्रीसंथ और स्पिन जादूगर मुथैया मुरलीधरन अभी तक धमाल नहीं कर पाए हैं, जिसके कारण जयवर्धने ने मुंबई के खिलाफ दोनों को अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया था।

आरपी सिंह भी विकेट चटकाने के अलावा रन रोकने में भी जूझ रहे हैं। आर. विनय कुमार और श्रीलंकाई मध्यम गति के तेज गेंदबाज थिसारा परेरा की भी चेन्नई के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने कड़ी परीक्षा होगी जिसमें माइकल हस्सी जैसा धुरंधर मौजूद है।

ऑस्ट्रेलिया के इस बाएँ हाथ के बल्लेबाज के अलावा चेन्नई की टीम में कप्तान महेंद्रसिंह धोनी, सुरेश रैना, न्यूजीलैंड के अनुभवी स्काट स्टायरिस ओर दक्षिण अफ्रीका के एलबी मोर्कल शामिल हैं, जिनमें किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने की आक्रामकता मौजूद है।

लीग के इस चरण में टीम को मुख्य चयनकर्ता के श्रीकांत के बेटे एस अनिरूद्ध में अच्छी प्रतिभा मिली है। चेन्नई का अभियान काफी सफल रहा है जिसमें उसने अभी तक तीन में से दो मैचों में जीत दर्ज की है और जिसमें उन्हें एक हार सिर्फ पॉल वल्थाटी की शानदार बल्लेबाजी से मिली थी।

गेंदबाजों में मोर्कल, टिम साउथी, आर. अश्विन और सूरज रणदीव भी ठीक-ठाक प्रदर्शन कर रहे हैं। कल के मैच में चेन्नई की टीम का पलड़ा निश्चित रूप से भारी है लेकिन कोच्चि को भी मुंबई पर जीत दर्ज करने के बाद यहाँ जीत की कोशिश करनी होगी। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें