1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

आईपीएल चार में ‍बचाए 100 करोड़-चिरायु अमीन

चिरायु अमीन आईपीएल 4
इंडियन प्रीमियर लीग के अध्यक्ष चिरायु अमीन ने कहा है कि पिछले सत्रों के दौरान हुए अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करके आईपीएल के चौथे और वर्तमान सत्र में 100 करोड़ रुपयों की बचत की गई है।

अमीन आईपीएल से बर्खास्त किए गए पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी की जगह सीजन चार में अध्यक्ष पद संभाल रहे हैं।

अमीन ने कहा संचालन परिषद लीग के वर्तमान सत्र को बेहद ही पेशेवर और पारदर्शिता के साथ संचालित कर रही है। हम सभी निर्णयों को चर्चा के बाद संयुक्त रूप से ले रहे हैं जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। इस बार सभी टेंडर वकीलों और बोलीकर्ताओं के बीच पारदर्शी तरीके से खोले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परिषद में सिर्फ पारदर्शिता ही नहीं आई है बल्कि हमने सभी अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाकर किफायत से सब चीजों को संभाला है जिससे वर्तमान सत्र में 100 करोड़ रुपयों की बचत करने में मदद मिली है।

अमीन ने कहा फालतू खर्चों में सबसे पहले तो हर मैच के बाद आयोजित होने वाली पार्टियों पर रोक लगाई गई है जिससे खिलाड़ियों का ध्यान ही नहीं भटकता था बल्कि उनके खेलने और यात्रा कार्यक्रम में सबसे ज्यादा बाधा पैदा होती थी। उन्होंने कहा कि पार्टियों पर रोक से सबसे ज्यादा फ्रेंचाइजी खुश हैं जिनका मानना है कि अब खिलाड़ी पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान लगा पाएँगे।

अमीन ने उम्मीद जताई कि आईपीएल के चौथे सत्र में पिछले सत्रों के मुकाबले ज्यादा राजस्व एकत्र होगा। उन्होंने कहा कि आईपीएल चार की ओपनिंग सेरेमनी में सबसे ज्यादा टीआरपी मिली और पिछले सीजन के मुकाबले सबसे ज्यादा लोगों ने इसे देखा। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता