Last Modified: मुंबई ,
बुधवार, 4 मई 2011 (08:15 IST)
अहम होगा गांगुली का अनुभव-युवी
पुणे वारियर्स के कप्तान युवराजसिंह ने सौरव गांगुली के टीम से जुड़ने के बाद कहा कि उनका अनुभव टीम के लिए अहम होगा। युवराज ने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान के टीम की और से खेलने से उन्हें मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग में टीम की अगुवाई में भी मदद मिलेगी।
युवराज ने कहा कि निश्चित रूप से उनके आने से टीम को अनुभव मिलेगा। गांगुली को चोटिल आशीष नेहरा की जगह टीम में चुना गया है जो आईपीएल में नहीं खेल पाएँगे। हालांकि गांगुली मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में नहीं खेलेंगे।
युवराज ने कहा कि सौरव और मेरे बीच तालमेल काफी बढ़िया है। जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, वह मेरा पूरा समर्थन करते थे। इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे भी यही भूमिका निभानी होगी। लक्ष्मण और द्रविड़ जैसे खिलाड़ी अब भी अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और मुझे लगता है कि वह भी मौका दिए जाने के हकदार हैं। युवराज हालांकि गांगुली के टीम से जुड़ने से काफी खुश हैं लेकिन अब भी उनकी फिटनेस पर सवाल बना हुआ है।
कप्तान ने कहा कि हमें पहले देखना होगा कि वह खेलने के लिए फिट हैं या नहीं। वह काफी लंबे समय से नहीं खेल रहे हैं। उन्होंने पिछले दिनों इतना क्रिकेट नहीं खेला है इसलिए उन्हें अपना फिटेनस टेस्ट देना होगा। अगर वह फिट होंगे तो निश्चित रूप से हम उन्हें खिलाएँगे।
चोटिल गेंदबाज के बदले में बल्लेबाज को चुना जाना थोड़ा आश्चर्यजनक लगता है लेकिन युवराज ने कहा कि गांगुली को इसलिए चुना गया क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी में अनुभव की जरूरत थी। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें