1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आलेख

ऑस्ट्रेलिया की खामोश सफलता जारी

ऑस्ट्रेलिया एलन बॉर्डर क्रिकेट
स्वरूप बाजपेयी
ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने दौर में एलन बॉर्डर ने ठीक वैसी ही भूमिका निभाई जैसी भूमिका में अवतरित हुए थे अपने वक्त की वेस्टइंडीज के लिए क्लाइव लॉयड।

दोनों अपनी-अपनी टीमों के पितृपुरुष रहे और हैं पर दोनों कप्तानों के नेतृत्व काल का एक निष्कर्ष यह भी है कि जहाँ बॉर्डर ने ऑस्ट्रेलिया को, जो कमजोरी की सीमा रेखा पर खड़ी थी, कुछ इस तरह सशक्त बनाया कि टीम उनके उत्तराधिकारियों के काल में भी न केवल वैसी ही सशक्त बनी रही बल्कि उसमें और वृद्धि भी होती रही। मार्क टेलर, स्टीव वॉ और वर्तमान में रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया को बेहतर से बेहतर बनाने के प्रयास ही करते रहे।

पर लॉयड द्वारा छोड़ी गई वेस्टइंडीज के साथ ऐसा नहीं हुआ : इंडीज का नेतृत्व जब लॉयड के सुपुर्द किया गया तब कैरेबियाई खिलाड़ी बिखरे-बिखरे थे और इसलिए उनकी कप्तानी को प्रारंभ में दुर्दिन ही देखने पड़े। याद कीजिए 1975-76 में टीम का ऑस्ट्रेलियाई दौरा तब ग्रेग चैपल ने लॉयड की टीम को 5-1 से करारी शिकस्त दी थी। पर इस हादसे के बाद लॉयड ने टीम को गढ़ा, एक सूत्र में बाँधा।

इस बँधी टीम में एक तरफ थे हैंस, ग्रीनिज, विव रिचर्ड्स, कालीचरण, गस लोगी, लेबरी गोम्स, जेफ डूजोन व स्वयं लॉयड जैसे धाकड़ बल्लेबाज तो दूसरे छोर पर थे रॉबर्ट्‌स, होल्डिंग, क्रॉफ्ट, गार्नर, मार्शल और इन जैसे ही आग उगलते अन्य गेंदबाज और लॉयड युगीन इंडीज एक तरह से विश्व विजेता बन गई। टीम ने सशक्त मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया एवं इंग्लैंड पर कुछ इस तरह से धावे किए कि उन्हें सर उठाने का मौका ही नहीं दिया।

डेविड गॉवर और किम ह्यूज जैसे कप्तान तो रो-रो दिए। पर लॉयड की निवृत्ति के बाद वेस्टइंडीज अपनी ताकत लगातार बनाए रखने में कामयाब नहीं हो सकी, भले ही टीम के कप्तान विव रिचर्ड्‌स, रिची रिचर्ड्‌सन, ब्रायन लारा, कोर्टनी वॉल्श वगैरा-वगैरा कोई भी रहे हों। इंडीज की वर्तमान स्थिति से भी वाकिफ हैं ही हम लोग।

तो एक तरफ लॉयड के बाद वेस्टइंडीज अपनी ताकत निरंतर खोती रही, वहीं बॉर्डर ने ऑस्ट्रेलिया को जहाँ छोड़ा था टीम उससे कहीं आगे निकल चुकी है। विवरण का अभिप्रेत यही है कि ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैचों के संदर्भ में बॉर्डर के दौर में कहाँ थी और पोंटिंग उसे कहाँ ले आए हैं।

एलन बॉर्डर की कप्तानी : इंडीज के खिलाफ लगातार मिल रही पराजयों की हताशा ने श्रृंखला के अधबीच में ही किम ह्यूज को कप्तानी छोड़ने को विवश कर दिया और तब 1984-85 में एडिलेड में बॉर्डर को कप्तान बनाया गया और बॉर्डर के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में लॉयड की वेस्टइंडीज को पारी एवं 55 रनों से हरा दिया।

पिछले 11 टेस्ट मैचों में यह ऑस्ट्रेलिया की पहली विजय थी इनमें से आठ टेस्ट वेस्टइंडीज ने जीते थे, तीन ड्रॉ रहे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कायाकल्प का दौर चलता रहा।

शुरूआती असफलताओं के पश्चात बॉर्डर का नेतृत्व ऑस्ट्रेलिया को सफलता की ओर ले जाने लगा। अपने लगभग 10 वर्षों के नेतृत्व दौर में बॉर्डर ऑस्ट्रेलिया को स्थिर करने में सफल रहे। उनकी कप्तानी में टीम ने 27 खेली गई श्रृंखलाओं में से 10 जीती व इतनी ही श्रृंखलाओं में उसे पराजय मिली।

टेस्ट मैचों में बॉर्डर की सफलता रही 34.40 प्रश (93 में से 32 जीत)। यह भी एक संयोग ही कहा जाएगा कि जिस इंडीजी श्रृंखला में बॉर्डर को ऑस्ट्रेलिया का कप्तान बनाया गया था (1984-85) वह श्रृंखला क्लाइव लॉयड के नेतृत्व की अंतिम श्रृंखला थी। उत्थान (ऑस्ट्रेलिया) और पतन का (वेस्टइंडीज) दौर भी यहीं से आरंभ होता है।

बॉर्डर के बाद कप्तान बने मार्क टेलर : ऑस्ट्रेलिया का काम थोड़ा और आगे बढ़ा मार्क टेलर के नेतृत्व काल में। टेलर अक्टूबर 1994 (वि. इंग्लैंड) से जनवरी 1999 (वि. इंग्लैंड) तक कप्तान रहे इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने खेली गई 14 श्रृंखलाओं में से 11 में विजय प्राप्त की, तीन में टीम को पराजय मिली।
सलीम मलिक की पाकिस्तान ने 1-0 (94-95), सचिन के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने 1-0 (96-97) और अजहर के नेतृत्व में भारत ने उसे 2-1 (97-98) से हराया था। इन श्रृंखलाओं के टेस्ट मैचों में टेलर की सफलता 52 प्रश रही बॉर्डर की तुलना में यह प्रश लगभग 18 प्रश बढ़ा।

स्टीव वॉ ने सफलता के इस सिलसिले को और बढ़ाया : स्टीव वॉ के नेतृत्व की पहली श्रृंखला थी वेस्टइंडीज के खिलाफ (मार्च 1999) और अंतिम श्रृंखला उन्होंने खेली भारत के खिलाफ (जनवरी 04), इस दौर में ऑस्ट्रेलिया ने 18 टेस्ट श्रृंखलाएँ खेली 13 श्रृंखलाओं में उसे विजय मिली। न्यूजीलैंड के खिलाफ 01-02 में तीनों टेस्ट ड्रॉ रखे, इंडीज (98-99) के खिलाफ 2-2 की तथा भारत (03-04) के खिलाफ 1-1 की बराबरी रही।

दो श्रृंखलाओं में स्टीव की टीम पराजित रही, वि. श्रीलंका 99-00 तथा वि. भारत 00-01। इन श्रृंखलाओं में खेले गए टेस्ट मैचों में स्टीव की सफलता का प्रश रहा 71.18 जो मार्क टेलर की तुलना में 19 प्रश अधिक थी, जबकि बॉर्डर के दौर की सफलता से स्टीव लगभग 37 प्रश आगे निकाल लाए थे टीम को।

पोंटिंग, स्टीव वॉ की सफलता को भी पीछे छोड़ गए : मार्च 04 (वि. श्रीलंका) से नवंबर 07 (वि. श्रीलंका) के दरम्यान विभिन्न टीमों के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने जो 14 टेस्ट श्रृंखलाएँ खेली हैं उनमें से 13 में जीत हासिल की है, केवल एक में उसे पराजय मिली है (वि. इंग्लैंड 05)।

इस दौर में पोंटिंग की टीम ने 41 टेस्ट मैच खेले हैं और 78.04 प्रश सफलता प्राप्त की है, स्टीव वॉ से लगभग 7 प्रश, मार्क टेलर से लगभग 26 प्रश तथा एलन बॉर्डर से लगभग 44 प्रश अधिक टेस्ट सफलता ऑस्ट्रेलिया को पोंटिंग के नेतृत्व काल में मिली है। इस तरह बढ़ता रहा है ऑस्ट्रेलियाई सफलता का ग्राफ।

बॉर्डर ने दिसंबर 1984 में पहली बार नेतृत्व सम्हाला था और अभी-अभी पोंटिंग ने श्रीलंका पर 2-0 की विजय प्राप्त की है (नवंबर 07), इस बीच के 23 वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उत्तरोत्तर प्रगति की है और टेस्ट खेलने वाले समस्त देशों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

जो भी नया कप्तान आया वह टीम को और आगे ही बढ़ाता रहा, पोंटिंग का नेतृत्व दौर ऑस्ट्रेलियाई सफलता का चरम बिंदु है यदि यह कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं।

यदि टीम इंडिया और इंग्लैंड के अपवाद को छोड़ दें तो पोंटिंग के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया को कोई भी अन्य टीम पराजित नहीं कर सकी है। सफलता जारी है।