गौहर खान : ‘रॉकेट सिंह’ से शुरुआत
रणबीर कपूर की 11 दिसंबर को ‘रॉकेट सिंह - सेल्समैन ऑफ द ईयर’ प्रदर्शित होने वाली है और इस फिल्म के जरिये गौहर खान अपना करियर शुरू करने जा रही हैं। गौहर इस फिल्म को लेकर थोड़ी डरी हुई हैं, लेकिन उनका कहना है कि इससे ज्यादा वे पानी से डरती हैं। क्यों? इस बारे में उन्होंने उनके बचपन का एक किस्सा सुनाया। गौहर के अनुसार वे अपने परिवार के साथ एक हिल स्टेशन पर गई थीं और झील में बोटिंग का आनंद ले रही थीं। वे मछलियों को देखने के लिए झुकी और झील में गिर पड़ी। उन्हें तैरना भी नहीं आता था। वो तो भला हो एक आदमी का जिन्होंने गौहर को बचा लिया। जहाँ तक फिल्म का सवाल है तो गौहर का कहना है कि रणबीर के सुपरस्टार होने का फिल्म और उन्हें जरूर फायदा मिलेगा। गौहर के अनुसार फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरी यूनिट ने खूब मस्ती की और हँसी-खुशी से भरे वातावरण में शूटिंग की। सभी लोग एक-दूसरे की टाँग खींचने में लगे रहते थे। गौहर को उम्मीद है कि उन्हें दर्शक जरूर पसंद करेंगे।