धुरंधर सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने लाइव कॉन्सर्ट में किया ऐसा काम, जमकर हो रहीं ट्रोल
'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में शरारत, आरी आरी, जाइए सजना, मैं और तू जैसे गाने गाकर पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है। वह इस समय अपनी प्रोफेशनल लाइफ के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रही हैं। लेकिन हाल ही में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट ने उन्हें विवादों के घेरे में ला खड़ा किया है।
अहमदाबाद में आयोजित एक शो के दौरान जैस्मिन की एक हरकत ने इंटरनेट को दो धड़ों में बांट दिया है। जहां कुछ लोग इसे 'स्टेज प्रेजेंस' कह रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे दर्शकों के साथ धोखा और 'फेक परफॉरमेंस' करार दे रहे हैं।
WHAT TYPE OF CONCERT IS THIS
— Jeet (@JeetN25) April 20, 2026
Jasmine Sandlas is literally lip-syncing pic.twitter.com/4pFslKNrN5
लाइव कॉन्सर्ट में जैस्मिन सैंडलस अपनी सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' के चार्टबस्टर ट्रैक 'शरारत' पर परफॉर्म कर रही थीं। लहंगा-चोली में सजी जैस्मिन ने परफॉरमेंस की शुरुआत में ही अपने ऊपर पानी डाला, जो उनकी बोल्ड स्टेज पर्सनैलिटी का हिस्सा माना जाता है।
हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर इस शो के कुछ क्लिप्स वायरल हुए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैस्मिन कई बार माइक अपने मुंह से काफी दूर ले जाती हैं, लेकिन बैकग्राउंड में उनकी आवाज और गाने के बोल बिल्कुल स्पष्ट और तेज सुनाई देते रहे। इसे देखते ही सोशल मीडिया पर 'लिप-सिंकिंग' के आरोप लगने लगे।
एक यूजर ने लिखा, लाइव कॉन्सर्ट में भी लाइव नहीं गाते ये लोग, तो टिकट के पैसे किस बात के?' एक अन्य ने लिखा, 'यह पूरी तरह से फेक परफॉरमेंस है। सिर्फ नाचने और पानी डालने को परफॉरमेंस नहीं कहते, असली सिंगिंग कहां है?' एक और यूजर ने लिखा, 'रिकॉर्ड किए गाने ही सुनने थे तो हम घर पर ही इन्हें सुन लेते।'
जैस्मिन ने सलमान खान की फिल्म 'किक' के गाने 'यार ना मिले' से बॉलीवुड में कदम रखा था, जो रातों-रात सुपरहिट हो गया था। इसके बाद उन्होंने 'इलीगल वेपन 2.0', 'तरास' और 'नशा' जैसे कई सुपरहिट गानों से खुद को इंडस्ट्री में स्थापित किया। अपनी बेबाक आवाज और अनोखे अंदाज के लिए जानी जाने वाली जैस्मिन अक्सर विवादों से भी घिरी रहती हैं।

