1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011

मैं सारी रात सो नहीं पाया था : ताहिर

ताहिर दक्षिण अफ्रीका विश्वकप आईसीसी वर्ल्ड कप
दक्षिण अफ्रीका की विश्वकप के अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज पर धमाकेदार जीत के सूत्रधार लेग स्पिनर इमरान ताहिर का कहना है कि वह मैच से पहले वाली रात बिल्कुल भी नहीं सो पाए थे।

अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे पाकिस्तानी मूल के ताहिर ने फिरोजशाह कोटला मैदान में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 41 रन पर चार विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 222 रन पर ढेर कर दिया था। अपने प्यार को पाने की खातिर ताहिर पाकिस्तान छोड़कर दक्षिण अफ्रीका पहुँचे थे और इसी वर्ष उन्हें वहाँ की नागरिकता मिली थी।

ताहिर ने कहा 'मुझे मैच से एक दिन पहले ही बताया गया था कि आपको इस मैच में खेलना है। इसके बाद तो मैं सारी रात सो नहीं पाया था। लेकिन सौभाग्य की बात है कि मेरे पास अच्छा प्रदर्शन करने के लिए ऊर्जा बाकी थी।'

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन स्पिनर उतारने का जो दाव खेला था उसमें वह पूरी तरह सफल रहे। स्मिथ ने ताहिर को छोटे-छोटे स्पैल में आजमाया। ताहिर को वेस्टइंडीज की पारी के 14वें ओवर में गेंदबाजी मोर्चे पर लगाया गया जब डेरेन ब्रावो की बल्लेबाजी पूरे शबाब पर थी।

ताहिर ने अपने पहले ओवर में केवल दो रन दिए लेकिन दूसरे ओवर में ब्रावो ने उन पर छक्का जड़ दिया। इसके बाद उन्हें गेंदबाजी से हटा दिया गया। स्मिथ ने 25वें ओवर में गेंद एक बार फिर ताहिर को थमाई और इस बार उन्होंने अपने कप्तान को निराश नहीं किया।

ताहिर ने डेवोन स्मिथ को अपनी ही गेंद पर कैच करने के बाद अनुभवी रामनरेश सरवन, शिवनारायण चंद्रपाल और डेवोन थॉमस को आउट कर वेस्टइंडीज को पूरी तरह झकझोर दिया।

स्मिथ ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ताहिर की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि हमने उन्हें छोटे-छोटे स्पैल में आजमाया जिसका हमें पूरा फायदा मिला। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता