1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011

मलिंगा पाकिस्तान के खिलाफ वापसी करेंगे

श्रीलंका क्रिकेटर
WD
पीठ में दर्द के कारण कनाडा के खिलाफ रविवार को विश्वकप मैच में न खेल पाए श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लसित मलिंगा मैदान पर अपना जलवा बिखेरने के लिए फिट हो गए हैं और वह पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में 26 फरवरी को खेले जाने वाले मैच में टीम में अंतिम एकादश का हिस्सा होंगे।

कनाडा के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास करते समय मलिंगा की पीठ में दर्द शुरू हो गया था जिसके कारण उन्हें मैच में आराम दिया गया था।

श्रीलंकाई उपकप्तान माहेला जयवर्धने ने कनाडा के खिलाफ मैच के बाद रविवार को कहा कि हम मलिंगा की फिटनेस को लेकर किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे। उन्होंने शनिवार को गेंदबाजी की थी और वह अब ठीक हैं, लेकिन हमें टूर्नामेंट में अभी कई महत्वपूर्ण मैच खेलने हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया था।

जयवर्धने ने कहा कि मुझे लगता है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए पूरी तरह से फिट हो जाएँगे। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मैच है और हम इस मैच में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम को मैदान पर उतारना चाहते हैं। श्रीलंका ने कनाडा की टीम को 210 रन की करारी शिकस्त देकर अपने विश्वकप अभियान का शानदार आगाज किया है और वह आगे भी इस जीत के सिलसिले को बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश करेगा। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता