1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011

इंडीज के खिलाफ द.अफ्रीका का पलड़ा भारी

इंडीज द अफ्रीका वर्ल्ड कप विश्वकप
जबरदस्त फॉर्म में चल रही और खिताब की प्रबल दावेदार दक्षिण अफ्रीका की टीम गुरुवार को यहाँ फिरोजशाह कोटला मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ विश्वकप में अपने अभियान की शुरुआत करने उतरेगी।

ग्रुप 'बी' की इन दोनों टीमों का यह पहला मुकाबला है। रिकॉर्डों और मौजूदा फॉर्म के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका इस मैच में पहले से ही जीत का दावेदार माना जा रहा है लेकिन वह वेस्टइंडीज की टीम को कम आँकने की भूल नहीं कर सकता जिसने दो बार विश्वकप में उसका सपना तोड़ा था। दक्षिण अफ्रीका के पास विश्वकप में वेस्टइंडीज से दो पुरानी पराजयों का बदला चुकाने का भी मौका रहेगा।

दोनों टीमों के बीच 1992 से लेकर अब तक हुए 50 मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका 37 मैच जीतकर काफी आगे है। वेस्टइंडीज के खाते में 12 जीत हैं और एक मैच रद्द रहा। दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले 11 मैचों से अपराजेय रहा है और यही बात उसे इस बार भी जीत का प्रबल दावेदार बनाती है।

दोनों टीमों के बीच विश्वकप में चार बार मुकाबला हुआ है और यहाँ दोनों का रिकॉर्ड 50-50 है। दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज से 1996 और 2003 विश्वकप में मिली पराजयों को अब तक नहीं भूल पाया है। इन दोनों ही अवसरों पर वेस्टइंडीज के करिश्माई बल्लेबाज ब्रायन लारा के लाजवाब शतकों ने दक्षिण अफ्रीका को हार झेलने के लिए मजबूर किया था। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता