शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2021
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021
  4. ममता बोलीं, कूचबिहार हिंसा के जिम्मेदार रहे लोगों को दिलाएंगे सजा
Written By
Last Updated : बुधवार, 14 अप्रैल 2021 (16:49 IST)

ममता बोलीं, कूचबिहार हिंसा के जिम्मेदार रहे लोगों को दिलाएंगे सजा

Mamta Banerjee | ममता बोलीं, कूचबिहार हिंसा के जिम्मेदार रहे लोगों को दिलाएंगे सजा
माथाभांगा (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के दौरान सीआईएसएफ की गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिवारों से बुधवार को मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि इसके लिए जिम्मेदार रहे लोगों को सजा दिलाई जाएगी। ममता ने इस बात पर खेद जताया कि कूचबिहार में नेताओं के प्रवेश पर लगाए गए 72 घंटों के प्रतिबंध के चलते वे मृतकों के परिजनों से पहले नहीं मिल पाईं।

गौरतलब है कि कूचबिहार में सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा कथित तौर पर आत्मरक्षा के लिए चलाई गई गोली में 4 लोगों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी जांच में इस निर्मम हत्या के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति का पता लगाया जाएगा और सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्हें कानून के मुताबिक सजा मिले। उन्होंने कहा कि वे पहली बार वोट देने जा रहे 18 साल के आनंद बर्मन के परिवार के लिए भी न्याय सुनिश्चित करेंगी जिसकी इसी जिले में मतदान केंद्र के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
 
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने गोलीबारी में मारे गए चारों लोगों के परिवारों के साथ ही बर्मन के दादा और मामा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत की। ममता ने कहा कि मैं चुनाव खत्म (2 मई) होने के तुरंत बाद फिर आऊंगी। हम हरसंभव तरीके से आपकी मदद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मारे गए 5 लोगों की याद में एक 'शहीद स्तंभ' बनाया जाएगा। कूचबिहार के सीतलकूची में हिंसा की घटनाओं के बाद निर्वाचन आयोग ने 72 घंटों तक नेताओं के जिला में प्रवेश करने पर रोक लगा दी थी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
Samsung ने लांच किया Quantum 2, Snapdragon 855 और Triple Rear Camera से है लैस