1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2021
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021
  4. Election Commission gave this order after the incident with Mamta Banerjee

ममता के साथ हुई घटना के बाद चुनाव आयोग ने दिया यह आदेश

Mamta Banerjee
कोलकाता। नंदीग्राम में हुई घटना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घायल होने के मद्देनजर चुनाव आयोग ने राज्य प्रशासन से विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अति विशिष्ट लोगों (वीवीआईपी) की सुरक्षा के इंतजाम करते समय और अधिक सतर्क रहने को कहा है। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आरिज आफताब ने एडीजी (कानून-व्यवस्था) एवं राज्य के नोडल अधिकारी जगमोहन के साथ मिलकर राज्य के जिलाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठकें कीं और उन्हें कड़े सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए।

अधिकारी ने कहा, चुनाव आयोग ने कहा है कि सुरक्षा इंतजाम बेहद सजग रहकर किए जाएं। हम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों जैसे अति विशिष्ट लोगों की सुरक्षा इंतजाम के दौरान लापरवाही नहीं बरत सकते। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में प्रचार के दौरान ऐसी हस्तियों के आने के समय सभी जिलाधिकारियों और पुलिस प्रशासन को बेहद सतर्क रहना होगा।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान चार-पांच लोगों ने उन्हें धक्का दिया, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गईं और उनके बांए पैर, कमर, कंधे और गर्दन में चोट आई है। उनका एसएसकेएम अस्पताल में उपचार जारी है।(भाषा)
अगला लेख
ताजमहल को 'तेजो महालय' बताते हुए हिंदूवादियों ने की पूजा, CISF ने 3 लोगों को पकड़ा