यूपी पुलिस के हाथों में अब 'ड्रोन' की कमान, हर थाने में तैनात होंगे 2 एक्सपर्ट सिपाही
UP Police Drone Training: उत्तर प्रदेश पुलिस अब अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को नए जमाने की हाई-टेक तकनीक से लैस करने जा रही है। प्रदेश में अब पुलिसकर्मी न केवल शस्त्र चलाने में माहिर होंगे, बल्कि आसमान से निगरानी रखने के लिए 'ड्रोन ऑपरेट एक्सपर्ट' भी बनेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए राज्य के प्रत्येक थाने से 2 आरक्षियों (सिपाहियों) को ड्रोन संचालन की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
निजी ऑपरेटरों पर निर्भरता होगी खत्म
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब तक तीज-त्योहारों, संवेदनशील मौकों या एक साथ कई स्थानों पर जुलूस/रैलियों के दौरान भीड़ पर नजर रखने के लिए पुलिस को निजी (प्राइवेट) ड्रोन ऑपरेटरों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार एक ही समय में कई आयोजनों के कारण ड्रोन ऑपरेटर उपलब्ध कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षित होने से पुलिस को किसी निजी ड्रोन ऑपरेटर की मदद नहीं लेनी पड़ेगी। आपात स्थिति या जरूरत पड़ने पर हर थाने में ट्रेंड सिपाही तुरंत उपलब्ध रहेंगे। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर जिले की पुलिस लाइन्स में आयोजित किया जाएगा। यहाँ चयनित आरक्षियों को ड्रोन उड़ाने (फ्लाइंग स्किल्स) के साथ-साथ उससे जुड़ी सभी तकनीकी बारीकियों, मेंटेनेंस और एरियल सर्विलांस (आसमानी निगरानी) की बारीकी से जानकारी दी जाएगी।
कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
थाना स्तर पर ड्रोन विशेषज्ञों की मौजूदगी से तीज-त्योहारों, शोभायात्राओं और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी। इससे किसी भी तरह की अनहोनी या शरारत को समय रहते रोका जा सकेगा और प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सीधी मदद मिलेगी।

