शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. marriage of 2 prisoners children in kaushambi
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2023 (10:52 IST)

उम्रकैद की सजा काट रहे बंदी बने समधी, पैरोल पर छूटकर की बच्चों की शादी

उम्रकैद की सजा काट रहे बंदी बने समधी, पैरोल पर छूटकर की बच्चों की शादी - marriage of 2 prisoners children in kaushambi
कौशांबी। उत्तरप्रदेश के कौशांबी जिले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 2 कैदी धारा सिंह और अर्जुन सिंह आपस में समधी बन गए। जेल में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई और उन्होंने जेल में ही अपने बच्चों का रिश्ता तय कर दिया। दोनों कैदियों ने अपने बेटे और बेटी का बुधवार को विवाह कर दिया। शासन ने उन्हें पैरोल पर भेज कर इस रिश्ते की सभी रस्मों को पूरा कराया। 
 
कौशांबी जिला जेल प्रभारी जेलर भूपेश सिंह ने बताया कि जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के कटहुला गांव निवासी धारा सिंह को कई साल पहले हुए एक हत्याकांड में दोषी करार दिया गया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
 
जेल में ही धारा सिंह की मुलाकात अर्जुन यादव से हुई जो गांव में हुई एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। जेल में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई और धारा सिंह और अर्जुन सिंह ने जेल में ही अपने बच्चों का रिश्ता तय कर दिया।
 
जेलर ने बताया कि धारा सिंह का बेटा सुमित सिंह भी अपने पिता के साथ जेल की सजा काट रहा था और 10 साल की सजा पूरी होने पर वह कुछ दिनों पहले जेल से रिहा हुआ था। अर्जुन सिंह को धारा सिंह का बेटा सुमित सिंह अपनी बेटी के लिए योग्य वर लगा।
 
अर्जुन सिंह और धारा सिंह को विवाह की रस्मों को निभाने के लिए बुधवार को जेल से पैरोल पर छोड़ा गया और धारा सिंह का 26 वर्षीय बेटा सुमित, अर्जुन सिंह के घर बारात लेकर पहुंचा। विवाह की रस्में अदा करने के लिए पुलिस अर्जुन सिंह और धारा सिंह को लेकर वैवाहिक समारोह में पहुंची।
 
भूपेश सिंह ने बताया कि शासन से स्वीकृत आदेश के अनुसार अर्जुन सिंह को 21 दिन की पैरोल जबकि धारा सिंह को 4 दिन की पैरोल पर छोड़ा गया है। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
3 Digital Products जिससे आप कमा सकते हैं पैसे