केशव प्रसाद मौर्य का दावा, 2047 तक सत्ता में नहीं आएगी सपा
UP bypoll election results : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधानसभा उपचुनाव में भाजपा गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दावा किया कि सपा के 2047 तक सत्ता में आने की संभावना नहीं है। राज्य की 9 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में भाजपा गठबंधन 7 और सपा 2 सीट पर विजयी रही।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 9 सीट पर हुए उपचुनाव में सपा ने सीसामऊ एवं करहल सीट जबकि भाजपा ने गाजियाबाद, खैर, फूलपुर, मझवां, कटेहरी और कुंदरकी में जीत दर्ज की। भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने मीरापुर सीट पर जीत हासिल की।
मौर्य ने सपा के नारे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए एक्स पर रविवार को लिखा कि सपा का फर्जी पीडीए (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) उपचुनाव में धराशायी। नौ सीट पर जीत का दावा करने वाले अब गिनती नहीं बता पा रहे। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उसने लोकसभा 2019 में बसपा 2024 में कांग्रेस से गठबंधन कर पिछड़ों और दलितों को गुमराह किया, परंतु जनता ने सपा को सिरे से नकार दिया।
मौर्य ने करहल और सीसामऊ में भी भविष्य में जीत हासिल का दावा करते हुए कहा कि करहल से सीसामऊ तक सपा के गढ़ भी ढहेंगे और भाजपा के सुशासन का कमल खिलेगा।
सपा का फर्जी PDA (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) उपचुनाव में धराशाई! 9 सीटों का दावा करने वाले अब गिनती नहीं बता पा रहे।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 24, 2024
लोकसभा 2019 में बसपा, 2024 में कांग्रेस से गठबंधन कर पिछड़ों और दलितों को गुमराह किया, परंतु जनता ने सपा को सिरे से नकारा।
करहल से सीसामऊ तक सपा के गढ़ भी ढहेंगे, और…
मौर्य ने कहा कि 2027 में हम 2017 दोहरायेंगे और एक बार फिर 300 पार के लक्ष्य के साथ नई इबारत लिखेंगे। एक हैं तो सेफ हैं! मोदी जी के नेतृत्व में देश भी सेफ, विकास भी सेफ।
गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान दावा किया था कि सपा सभी 9 सीट जीतेगी और 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा।
edited by : Nrapendra Gupta

