1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. governor and cm yogi offer prayers at kashi vishwanath temple

वाराणसी में राज्यपाल और CM योगी ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, शंखध्वनि-डमरू से हुआ भव्य स्वागत

CM yogi
"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, अटूट आस्था की गौरव गाथा" के अवसर पर "सोमनाथ संकल्प महोत्सव" कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह काशी पहुंचे। उन्होंने यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। सोमनाथ तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चकों ने एक साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया। 
 

सोमनाथ से आए जल से किया काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक 

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने सोमनाथ से आए जल से काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और बाबा के दरबार में माथा टेक कर लोकमंगल व प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में राज्यपाल को अंगवस्त्र व रुद्राक्ष की माला भेंट की। मंदिर प्रांगण में पीत वस्त्र धारण किए मंदिर के शास्त्रीगण, बालिकाओं/महिलाओं ने शंख ध्वनि तथा वाद्य यंत्र कलाकारों ने डमरू आदि के जरिए राज्यपाल व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने हर हर महादेव की जयकार संग हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने इससे पहले छह मई को भी काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया था।
 
इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सुनील पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य आदि की उपस्थिति रही।
 

राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर प्रांगण में सामूहिक "ॐ जप" किया। इसके बाद सोमनाथ भवन में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृति के रूप में निर्मित पार्थिव शिवलिंग की पूजा-अर्चना व आरती की। अतिथियों ने यहां सोमनाथ स्वाभिमान पर्व प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Share Market Crash : सेंसेक्स 1300 अंक टूटा, निफ्टी में भारी गिरावट, क्या PM मोदी की अपील से डरे निवेशक? जानिए क्या रहे 5 कारण