मोदी ने तो तमाम सहयोगी दलों को गोद में बिठाया : अखिलेश
Publish Date: Wed, 1 Mar 2017 (19:40 IST)
Updated Date: Wed, 1 Mar 2017 (19:43 IST)
देवरिया। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करने पर सपा को कोसने वाले मोदी ने तो भाजपानीत गठबंधन के कई घटकों को अपनी ‘गोद’ में बैठा रखा है।
अखिलेश ने यहां चुनावी जनसभा में कहा कि मोदी जी कहते हैं कि हमने कांग्रेस को अपनी गोद में बैठा लिया है। उनकी गोद तो इतनी बड़ी है कि उन्होंने भाजपा के तमाम सहयोगी दलों को उसमें बैठा लिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बताएं कि उन्होंने पिछले 3 साल में क्या काम किया है। हमने तो इसीलिए प्रधानमंत्री जी से कहा कि आप अपने भाषणों में जाने क्या कह रहे हैं। आप हमसे 5 साल का हिसाब मांगिए, हम भी आपसे पूछेंगे कि 3 साल में आपने क्या कर दिया।
अखिलेश ने कहा उन्होंने हमें और आपको नोटबंदी के बहाने लाइन में खड़ा कर दिया। अब तो सारा पैसा बैंकों में जमा हो चुका है लेकिन प्रधानमंत्री ने तक कोई हिसाब किताब नहीं दिया कि कितना काला धन पकड़ा गया, कितने लोग गिरफ्तार हुए।
उन्होंने जनता का आहवान किया कि इस बार हम लोग अपनी मर्जी से लाइन में लगेंगे, उन्होंने नोट के लिए हमें लाइन में खड़ा किया था और हम वोट देने के लिए लाइन में लगेंगे। हमने आपने उनकी मन की बात बहुत सुन ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लगभग एक महीने से चुनाव प्रचार कर रहे हैं, जबसे साइकिल मिली है, तबसे प्रचार चल रहा है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, साइकिल की रफ्तार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं कि एक दिल्ली वाला कुनबा और एक लखनउ वाले कुनबे का गठबंधन हो गया है। मैं फिर समझा रहा हूं कि यह 2 कुनबों नहीं 2 युवाओं का गठबंधन है। जो प्रदेश और देश की राजनति को आगे ले जाने के लिए है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि मंगलवार को तक विधानसभा चुनाव में 300 सीटें जीतने की बात करने वाले मोदी और भाजपा के लोग अब गठबंधन की सरकार की बातें करने लगे हैं। जब कोई ऐसी बातें करने लगे तो समझो कि वह चुनाव हार गया। (भाषा)