शनिवार, 12 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख
  4. राखी सावंत : किसकी बनेंगी दुल्हन?
Written By अनहद

राखी सावंत : किसकी बनेंगी दुल्हन?

Rakhi Ka Swayamvar | राखी सावंत : किसकी बनेंगी दुल्हन?
इंसान के मन से ज्यादा विचित्र कुछ भी नहीं। राखी सावंत किससे शादी करेंगी ये तय नहीं। पर उनके मन को समझ कर और उनके जरिए तमाम मशहूर अभिनेत्रियों के मन को समझा जा सकता है कि क्यों फिल्मी हीरोइनें उद्योगपतियों से, कारोबारियों से शादी करती हैं।

राखी सावंत की मजबूरी यह है कि उन्हें सभी प्रतियोगियों के साथ वक्त गुज़ारना है। शो की माँग यही है। पर कुछ प्रतियोगी उनके बहुत करीब हो गए हैं। सबसे तगड़े प्रत्याशी हैं कनाडा से आए इलेश पारुजनवाला। फिर नंबर है ऋषिकेश से आए मनमोहन का।

मनमोहन साँवले हैं, बातें बनाना खूब जानते हैं। मगर केवल बातों से तो कुछ होता नहीं है। उनकी इतनी हैसियत भी नहीं है कि शादी के बाद अपने पैसों से राखी को किसी ठीकठाक होटल में खाना भी खिला सकें। राखी या कोई भी महिला कभी नहीं चाहेगी कि उसका पति उसकी कमाई पर पले, ऐश करे, गुलछर्रे उड़ाए। इलेश को छोड़कर किसी की हैसियत नहीं कि जिस होटल में ये स्वंयवर चल रहा है, वहाँ अपने खर्च से रुक सके, कुछ खा-पी सके। कायदे से तो इस समय भी वे राखी का ही कमाया खा रहे हैं।

इलेश ईमानदार हैं, उदार हैं, समझदार हैं, महिलाओं का सम्मान करना जानते हैं। सबसे बड़ी बात यह कि शादी के बाद वे राखी के आसरे पर नहीं रहेंगे। वे खुद भी अमीर हैं, उद्यमी हैं। केवल वही हैं, जिन्हें शादी के बाद राखी गर्व के साथ लोगों से मिलवा सकती हैं। केवल वही हैं जो बगैर हीनभावना मन में पाले राखी के साथ उसके दायरे में लोगों से घुल-मिल सकते हैं। खुद राखी ने कैमरे पर कहा है कि इलेश का मकसद न तो मशहूर होना है, न मुझसे किसी तरह का कोई फायदा उठाना, वे समर्थ हैं, पढ़े-लिखे हैं, अपने व्यवसाय में जमे हुए हैं...।

हम अक्सर सोचते हैं कि फिल्मों में प्यार की देवियाँ बनी हीरोइनें कैसे-कैसे आदर्श पेश करती हैं। ऊँच-नीच नहीं मानतीं, खुद अमीर होने के बावजूद गरीब हीरो के साथ शादी कर लेती हैं। मगर क्यों यही तारिकाएँ शादी करती हैं अमीर लोगों से। क्या धन के लालच में? शायद....पर सबसे बड़ा कारण यह गारंटी होती है कि अमीर आदमी हमें हमारे धन की वजह से नहीं चाह रहा।

देखा जाए तो यह दोहरा मानदंड है। लड़की किसी से शादी करने से पहले यह देखती है कि व्यक्ति की कमाई क्या है, आर्थिक हैसियत क्या है। लड़की यह देखकर किसी से शादी करे तो बुरा नहीं समझा जाता। मगर यही लड़की जब खुद कमाने लगती है, तो इसे यह बुरा लगता है कि कोई उसके पैसे की वजह से उसे पसंद करे। यही बात राखी सावंत में भी है। राखी सावंत अनिश्चित मिजाज की हैं। वे किसी से भी शादी कर सकती हैं और स्वयंवर से इनकार भी कर सकती हैं। मगर उनकी साइकी को समझते हुए सबसे ताकतवर दावेदार तो इलेश ही हैं।