इसे क्यों कहा जाए स्वयंवर...?
|
अगर राखी की पसंद ही स्वयंवर का आधार है, तो फिर स्वयंवर जैसी कोई बात कहाँ बचती है? इस तरह तो हर लव मैरेज स्वयंवर है बल्कि हर मैरेज स्वयंवर है। बहुत-से रिश्ते आते हैं और लड़की किसी एक को पसंद करके हाँ कर देती है। लव मैरेज में भी यही होता है। बहुत-से लड़के प्रेम निवेदन करते हैं, लड़की किसी एक को पसंद करती है, फिर उसे परखती है, मुतमइन होने पर शादी कर लेती है।
स्वयंवर का मज़ा यह है कि फलाँ काम जो कर देगा उसी से शादी कर लूँगी। जैसे धनुष तोड़ना, जैसे मछली की आँख में तीर मारना। अगर इस तरह का कोई आइटम कार्यक्रम से जुड़ा नहीं है, तो इस तरह की जाने वाली शादी को स्वयंवर कैसे कहा जा सकता है। यहाँ तो राखी एक-एक करके सारे उम्मीदवारों को भगाती जा रही हैं। इसमें क्या नवाई है?
ब्रेक में तो विज्ञापन होते ही हैं, कार्यक्रम को भी विज्ञापन का ज़रिया बना लिया गया है। कमरे में रखे वॉटर प्यूरीफायर से लेकर ज्वेलरी और कपड़ों तक का छुपा हुआ प्रचार किया जा रहा है। कभी टीवी के कलाकार आकर कोई गेम खेल रहे हैं, तो कभी फैशन डिजाइनर आकर उमीदवारों को सजा रहे हैं। इस सब पर राखी की ओवर एक्टिंग और उनकी चीपनेस...। मिडिल क्लास ही नहीं एकदम थर्डक्लास...। फिर यह भी भरोसा नहीं कि किसी एक से राखी शादी कर ही ले।
मान लीजिए राखी मुकर जाएँ, तो दर्शक कहाँ मुकदमा लगाएँगे? ये और इस तरह के तमाम कारणों से राखी का शो जल्द ही बोर करने लगा है। किसी को क्या फर्क पड़ता है कि राखी किससे शादी करती हैं? करती भी हैं या ऐसे ही टाइमपास करती रहती हैं? हाँ अगर सचमुच का स्वयंवर हो और कोई ईमानदार फैसला होने वाला हो, तो देखा जाए। यहाँ तो फरेब ही फरेब है, जिसे दर्शक हर रात वर रहे हैं।

