1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख

इंडियन आइडल : मखौल और अपमान में टीआरपी

इंडियन आइडल
सोनी टीवी पर आने वाले रियलिटी शो "इंडियन आइडल" में चयन का एक ढंग है। सभी प्रतियोगियों से अनु मलिक, सलीम मर्चेंट और सुनिधि चौहान नहीं मिल सकते। सो हजारों में से सैकड़ों को छाँटा जाता है। छँटाई का काम करते हैं पुराने इंडियन आइडल प्रतियोगी, जो सुर-ताल को जानते हैं। इस छँटाई के दौरान ही उन लोगों को निकाल बाहर किया जा सकता है, जो गड़बड़ हैं। मगर अच्छे गायकों के साथ-साथ बुरा गाने वालों को भी जान बूझकर अनु मलिक एंड कंपनी के सामने पेश किया जाता है ताकि उनका अपमान किया जा सके, उनका मखौल उड़ाया जा सके। जो लोग रिजेक्ट होने वाले होते हैं, उनसे शायद कहा जाता है कि गाते समय हाथ-पैर फेंकें। तरह-तरह के चेहरे बनाएँ, भंगिमाएँ बनाएँ।

सबकुछ पहले से तय रहता है। प्रतियोगी के अंदर आने से पहले ही जजेस को पता रहता है कि आने वाला बंदा नमूना है। उस नमूने की खिंचाई होती है। हास्यास्पद आदमी को और ज्यादा हास्यास्पद बना दिया जाता है। कुछ बेशर्म तो इससे ही खुश हो जाते हैं कि भले ही उनका खूब अपमान हुआ, पर वो टीवी पर तो दिखे, शोहरत तो मिली। मगर अधिकतर लोगों को अपमानित होना अच्छा नहीं लगता। ये तो और बुरा लगता होगा कि उन्हें उनके परिवार, दोस्तों और समाज में हँसी का पात्र बना दिया गया। किसी भी टीवी शो को ये हक है कि वो जिसे चाहे ले, जिसे चाहे न ले। मगर किसी व्यक्ति का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। अगर किसी रौब में किसी ने किसी का अपमान कर दिया, तो यहाँ तक भी ठीक है। अपमान करना भी एक मानवीय ऐब है। मगर उस अपमान को टीवी पर दिखाया जाना गलत है। जो लोग दूसरे को अपमानित होते देख के हँसते हैं, वो दिली और दिमागी रूप से स्वस्थ नहीं कहे जा सकते।

हमारे यहाँ कानून है कि किसी व्यक्ति का फोटो उसकी इजाजत के बगैर नहीं खींचा जा सकता। किसी व्यक्ति की वीडियो क्लिप उसकी इजाजत के बगैर दिखाना, सार्वजनिक करना शायद साइबर क्राइम के दायरे में आता है। तकनीकी बातों से परे ये तो हक प्रतियोगी को होना चाहिए कि न चुने जाने की दशा में वो अपनी वीडियो शो से हटवा सकें। जिन लोगों को टीवी पर अपमानित किया जाता है, वो कितने दिन तक उदास रहते होंगे। कितने दिनों तक उन्हें खाना-पीना नहीं रुचता होगा। क्या वो पहले की तरह घर से बाहर निकल पाते होंगे? दोस्तों में, रिश्तेदारों में पहले की तरह जा पाते होंगे? क्या इस अपमान के खिलाफ लोग तभी हरकत में आएँगे, जब कोई आत्महत्या कर लेगा? हो सकता है कोई बहुत बुरा गाता हो। पर व्यक्ति के नाते वो सम्मान का हकदार है। किसी को ये हक नहीं है कि उसका सार्वजनिक रूप से मखौल उड़ाए।

अनु मलिक, सलीम मर्चेंट और सुनिधि चौहान कलाकार हैं। कलाकारों से संवेनशीलता की अपेक्षा की जाती है। लोगों का मखौल उड़ाना चौराहे पर बैठे गुंडों का काम है, कलाकारों का नहीं। अगर कोई प्रतियोगी खराब है, तो उसे विनम्रता से मना कीजिए...। मगर इंडियन आइडल में जिस एक शब्द का गुजर नहीं है, वो विनम्रता ही है।
लेखक के बारे में
अनहद