• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
  4. Telangana BJP chief G Kishan Reddy unlikely to contest assembly elections
Written By
Last Modified: हैदराबाद , गुरुवार, 2 नवंबर 2023 (19:45 IST)

Telangana Election : भाजपा के 35 उम्मीदवारों की सूची जारी, जी. किशन रेड्डी नहीं लड़ेंगे चुनाव

Telangana Assembly Election 2023
Telangana Assembly Election 2023 : तेलंगाना विधानसभा चुनाव में हार का सामना कर चुके भारतीय जनता पार्टी के 2 मौजूदा सांसदों, जी. किशन रेड्डी और के लक्ष्मण को 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने से परहेज किया गया है। भाजपा ने गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए 35 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में दोनों नेताओं के नाम नहीं हैं।
 
जुबली हिल्स सीट से भाजपा ने क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन (कांग्रेस) के खिलाफ लंकाला दीपक रेड्डी को मैदान में उतारा है। ताजा सूची के साथ, भाजपा ने राज्य विधानसभा के चुनावों के लिए अब तक 88 नामों की घोषणा की है। राज्य में विधानसभा की कुल 119 सीटें हैं।
 
सिकंदराबाद से लोकसभा सदस्य और भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष किशन रेड्डी ने 2018 में अंबरपेट से चुनाव लड़ा था और वह भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के मौजूदा विधायक के. वेंकटेश से हार गए थे, जबकि लक्ष्मण मुशीराबाद सीट पर अपने बीआरएस प्रतिद्वंद्वी एम. गोपाल से हार गए थे। लक्ष्मण को पिछले साल उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए नामित किया गया था।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जनसेना पार्टी के साथ चल रही बातचीत को देखते हुए कुछ सीटों के लिए नामों की घोषणा नहीं की गई है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि जनसेना को आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे जिलों में छह से सात सीटों की पेशकश की जाएगी।
 
अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री सी. कृष्ण यादव को अंबरपेट सीट से उम्मीदवार बनाया गया है जबकि पूसा राजू मुशीराबाद से चुनाव लड़ेंगे। अभिनेता और पूर्व मंत्री बाबू मोहन और वरिष्ठ नेता मर्री शशिधर रेड्डी का नाम भी सूची में शामिल है। पार्टी ने ट्रेड यूनियन नेता अश्वथामा रेड्डी को भी उम्मीदवार बनाया है।
 
भाजपा उम्मीदवारों की यह तीसरी सूची है। पार्टी ने इससे पहले 52 नामों के साथ पहली सूची और सिर्फ एक नाम के साथ दूसरी सूची जारी की थी। भाजपा की 52 उम्मीदवारों की पहली सूची में तेलंगाना के पूर्व अध्यक्ष बंदी संजय कुमार सहित तीन लोकसभा सदस्यों के नाम हैं।
 
भाजपा ने अपने फायरब्रांड हिंदुत्व नेता टी. राजा सिंह को उनकी गोशामहल सीट से टिकट दिया है, जिन्हें पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए पिछले साल पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। भाजपा की चुनाव समिति के प्रमुख इटेला राजेंदर को हुजूराबाद से मैदान में उतारा गया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
कर्नाटक के CM सिद्धारमैया बोले- 5 साल तक मुख्यमंत्री रहूंगा, अटकलों को किया खारिज