dharma sangrah
Fri, 30 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Mumbai Stock Market BSE Sensex

पांच दिन की गिरावट से उबरा शेयर बाजार

Mumbai Stock Market
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में गत सप्ताह की भारी गिरावट के बाद कम भाव पर हुई लिवाली से सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स 235.44 अंक उछलकर 31,449.03 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 83.35 अंक की बढ़त में 9,794.15 अंक पर बंद हुआ।
 
वैश्विक स्तर पर भी शेयर बाजारों में तेजी रही जिससे घरेलू स्तर पर निवेश धारणा को समर्थन मिला और शेयर बाजार लगातार पांच कारोबारी दिवस के गिरावट से उबरने में कामयाब रहा। बीएसई में रियलिटी समूह में सबसे ज्यादा 5.95 प्रतिशत की तेजी रही। धातु समूह का सूचकांक साढ़े तीन प्रतिशत से ज्यादा और बेसिक मटीरियल्स का करीब तीन प्रतिशत चढ़ा। शेयर बाजार के 20 समूहों में सिर्फ आईटी और टेक ही गिरावट में रहे।
 
सेंसेक्स में दवा क्षेत्र की कंपनी सिप्ला ने पांच प्रतिशत से अधिक का मुनाफा कमाया जबकि आईटी क्षेत्र की टीसीएस ने एक प्रतिशत का नुकसान उठाया। रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली कंपनियों आईटीसी और हिंदुस्तान यूनीलीविर के शेयर भी लुढ़क गए। 
 
घरेलू शेयर बाजारों में शुरू से ही तेजी रही। सेंसेक्स 85.93 अंक चढ़कर 31,299.52 अंक पर खुला और खुलते ही 31,298.90 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतरने के बाद इसका ग्राफ धीरे-धीरे, लेकिन लगातार ऊपर की ओर बढ़ता रहा। कारोबार की समाप्ति से पहले 31,526.40 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूने के बाद यह गत दिवस के मुकाबले 0.75 प्रतिशत यानी 235.44 अंक चढ़कर 31,449.03 अंक पर रहा।
 
निफ्टी 64.95 अंक की तेजी में 9,755.75 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान 9,752.10 अंक के दिवस के न्यूनतम और 9,818.30 अंक के उच्चतम स्तर से होता हुआ यह गत दिवस के मुकाबले 0.86 यानी 83.35 अंक ऊपर 9,794.15 अंक पर बंद हुआ।
 
पिछले सप्ताह बड़ी और मंझोली कंपनियों ने प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले ज्यादा नुकसान उठाया था। आज लिवाली के चौतरफा माहौल में बीएसई का मिडकैप 2.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप 2.51 प्रतिशत चढ़कर क्रमश: 15,092.62 अंक और 15,413.42 अंक पर रहे। बीएसई में कुल 2,726 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1,861 के शेयर हरे निशान में, 704 के लाल निशान में और 161 के अपरिवर्तित बंद हुए। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान ने संबंधों में गतिरोध का ठीकरा हिंदुस्तान के सिर फोड़ा