1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Mumbai Stock Exchange Latest Prices for 6 August 2024

Share bazaar: शेयर बाजार में गिरावट जारी, Sensex 166 अंक टूटा, Nifty भी 24,000 अंक से नीचे आया

Mumbai Stock Market
Share bazaar News: स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को उतार-चढ़ावभरे कारोबार में शुरुआती तेजी कायम नहीं रह सकी और बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 166 अंक के नुकसान में रहा, वहीं एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) 24,000 अंक के नीचे आ गया। बैंक और दूरसंचार शेयरों (bank and telecom stocks) में बिकवाली से बाजार नुकसान में रहा।
 
बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 166.33 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,593.07 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 17 नुकसान में जबकि 13 लाभ में रहे।

 
सूचकांक बढ़त के साथ खुला और निवेशकों की लिवाली से एक समय यह 1,092.68 अंक तक चढ़कर 79,852.08 अंक तक चला गया था। हालांकि बाद में बैंक शेयरों में बिकवाली दबाव से इसमें गिरावट आई और यह 78,496.57 अंक के निचले स्तर तक आया।
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 63.05 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,000 अंक के नीचे 23,992.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 327 अंक चढ़कर 24,382.60 अंक तक चला गया था, लेकिन यह तेजी कायम नहीं रह पाई।

 
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि एशिया के अन्य बाजारों की तरह घरेलू बाजार ने भी तेजी की कोशिश की। हालांकि इसका लाभ कायम नहीं रह सका और निफ्टी 24,000 अंक के नीचे आ गया। निवेशकों की नजर येन की विनिमय दर में तेजी पर है। इसके अलावा अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े तथा वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने का भी असर है।

 
ये शेयर रहे लाभ व नुकसान में : सेंसेक्स के शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, टाइटन, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, ऐक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
 
एशिया और अमेरिकी बाजारों में : एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट उल्लेखनीय रूप से लाभ में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा। जापान का मानक सूचकांक निक्की मंगलवार को शुरुआत में 10.7 प्रतिशत चढ़ा। 1 दिन पहले इसमें 37 साल में सबसे बड़ी गिरावट आई थी।
 
यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को नुकसान में रहे थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 10,073.75 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76.52 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स ने सोमवार को 2,222.55 अंक का गोता लगाया था जबकि निफ्टी 662.09 अंक लुढ़का था।(भाषा) 
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Next-Gen Maruti Dzire : 30 Km/L का Mileage और Cutting-Edge Safety Technologies के साथ लेगी धांसू इंट्री