मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. रूस-यूक्रेन वॉर
  3. न्यूज़ : रूस-यूक्रेन वॉर
  4. Ukraine-Russia war update
Written By
Last Updated : मंगलवार, 1 मार्च 2022 (00:43 IST)

Ukraine-Russia War update : यूक्रेन-रूस के बीच सैन्य संघर्ष? पहले दौर की शांति वार्ता खत्म, दिल्ली में भी हाईलेवल मीटिंग, जानिए 10 बड़ी बातें

Ukraine-Russia War update : यूक्रेन-रूस के बीच सैन्य संघर्ष? पहले दौर की शांति वार्ता खत्म, दिल्ली में भी हाईलेवल मीटिंग, जानिए 10 बड़ी बातें - Ukraine-Russia war update
कीव/मास्को/नई दिल्ली।यूक्रेन पर रूस के हमले 5 वें दिन भी जारी है। इस बीच रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने वार्ता के लिए सोमवार को मुलाकात की। हालांकि कोई सहमति नहीं बनी। युद्ध से जुड़ी बड़ी बातें-

1. ईयू में शामिल होने के लिए हस्ताक्षर : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिम से संबंधों को मजबूत करने के लिए यूरोपीय संघ में शामिल होने के वास्ते एक आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं। जेलेंस्की ने अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह आवेदन पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं। जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि आवेदन को ब्रसेल्स भेजा गया है, जहां 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ का मुख्यालय है।
2. पीएम मोदी ने की बात : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्लोवाक गणतंत्र और रोमानिया के अपने समकक्षों से बातचीत की तथा यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए सहायता जारी रखने पर चर्चा की। इसके साथ ही मोदी ने राष्ट्रों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को सम्मान देने की जरूरत पर बल दिया।
 
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार मोदी ने स्लोवाक प्रधानमंत्री एडुअर्ड हेगेर और रोमानिया के प्रधानमंत्री निकोलाए आयोनेल सिउका से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने यूक्रेन में जारी हिंसा और मानवीय संकट पर दुख व्यक्त किया और दोहराया कि भारत संघर्ष को समाप्त करने तथा बातचीत का रास्ता अपनाने की लगातार अपील कर रहा है।
 
मोदी ने दोनों नेताओं को, उनके देशों द्वारा यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में दी जा रही सहायता के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने रोमानिया द्वारा बिना वीजा के भारतीय छात्रों को प्रवेश देने की सराहना की और दोनों नेताओं को भारत से विशेष विमानों की अनुमति देने के लिए धन्यवाद दिया।
3. यूक्रेन से लौटे UP के 93 छात्र- छात्राएं : रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों एवं अन्य लोगों के भारत आने का सिलसिला जारी है। सोमवार की सुबह एवं रविवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के 93 लोग वापस पहुंचे है. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। जिला प्रशासन की टीम ने सभी का स्वागत किया और यूक्रेन से लौटे कुछ छात्रों को उनके परिजन एयरपोर्ट लेने पहुंचे थे, जबकि कुछ लोगों को जिला प्रशासन सरकारी सुविधा पर उनके आवास गंतव्य स्थान तक पहुंचा रहा है। 

4. धमाकों से दहला कीव : द कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के जोरदार हमले की खबर दी है। कीव में कई जगह जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी है। कई इलाकों में एक के बाद एक कई धमाकों की आवाज सुनी गई है।
 
5. पुतिन ने मेक्रों से की बात : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रपति एमानुएल मैक्रों से यूक्रेन मुद्दे पर बात की। पुतिन ने मैक्रों से कहा कि रूसी पक्ष यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के लिए तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत से मनमुताबिक परिणाम निकलेंगे। साथ ही इस दौरान उन्होंने साफ किया कि यूक्रेन विवाद का हल तभी निकलेगा जब रशिया की सुरक्षा चिंताओं पर विचार किया जाएगा। क्रीमिया पर रूसी संप्रभुता की मान्यता, यूक्रेन का विसैन्यीकरण और विमुद्रीकरण और यूक्रेन की तटस्थ स्थिति सुनिश्चित करना। साथ ही लगाए गए प्रतिबंधों के बाद पुतिन ने पश्चिम को 'झूठों का साम्राज्य' करार दिया।

6. यूक्रेन ने कहा 352 नागरिकों की मौत : दहशत के मारे यूक्रेनी परिवार आश्रयों व बेसमेंट में सिमटे रहे। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी हमले में 16 बच्चों समेत 352 नागरिकों की मौत हुई है और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक आपात और विशेष सत्र में यूक्रेन के दूत ने इसकी जानकारी दी।

7. रूस और यूक्रेन में बात : बेलारूस में रूस-यूक्रेन के बीच ऐतिहासिक बातचीत खत्म हो गई है। बैठक कुल साढ़े तीन घंटे चली। बातचीत में यूक्रेन ने मांग रखी है कि रूस क्रीमिया और डोनबास समेत पूरे देश से अपनी सेना वापस ले। बैठक के बाद यूक्रेन ने कहा कि रूस के साथ बातचीत 'कुछ फैसलों' तक पहुंची है। पहले दौर की वार्ता के बाद अब दोनों देश दूसरे दौर की बातचीत की योजना बना रहे हैं।

8. पीएम मोदी की हाईलेवल मीटिंग : नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को हाईलेवल मीटिंग की। इसमें युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी पर जोर दिया गय। यूक्रेन सरकार की अपील पर भारत ने कीव को मेडिकल समेत अन्य राहत सामग्री भेजने का फैसला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत पड़ोसी तथा विकासशील देशों के उन लोगों की भी मदद करेगा जो पूर्वी यूरोप के युद्धग्रस्त देश में फंसे हैं।

9. परमाणु बलों को हाईअलर्ट करना रोंगटे खड़ा करने वाला : संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सोमवार को कहा कि रूसी परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखा जाना रोंगटे खड़े कर देने वाला घटनाक्रम है और परमाणु युद्ध की कल्पना मात्र भी नहीं की जा सकती। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूक्रेन और रूस के बीच वार्ता का सार्थक परिणाम लड़ाई रोकने के रूप में आएगा। गुतारेस ने यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक आपात एवं विशेष सत्र में कहा कि यूक्रेन में लड़ाई अवश्य रूकनी चाहिए। यह पूरे देश में जारी है। गुतारेस ने कहा कि हम यू्क्रेन के लिए त्रासदी का सामना कर रहे हैं। साथ ही, हम सभी पर पड़ने वाले संभावित विनाशकारी प्रभाव के साथ एक बड़े क्षेत्रीय संकट का भी सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परमाणु युद्ध की कल्पना भी नहीं की जा सकती। परमाणु आयुध के इस्तेमाल को किसी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। गुतारेस ने कहा कि बढ़ती हिंसा से बच्चों सहित आम आदमी की हो रही मौतें बिल्कुल ही अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बस अब बहुत हो गया। सैनिकों को बैरक में लौटने की जरूरत है। नेताओं को शांति कायम करने की जरूरत है। आम आदमी की अवश्य रक्षा की जाए।

यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता ओर क्षेत्रीय अखंडता का अवश्य सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर हमले ने अंतराष्ट्रीय कानून और संरा चार्टर में जड़ें जमाई बहुपक्षीय प्रणाली के समक्ष चुनौती पेश की है। क्षेत्रीय तनाव बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह चिंता भी जताई कि विश्व दशकों में यूरोप की सबसे बड़ी मानवीय और शरणार्थी संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने अमीन अवाद को यूक्रेन के लिए संयुक्त राष्ट्र समन्वय भी नियुक्त किया। 
 
10. रूस ने किए मिसाइल हमले : यूक्रेन की सेना ने सोमवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में 6 मिसाइलें दागी तथा चार हवाई हमले किये जिसके बाद रूस की ओर से यूक्रेन में दागी गई मिसाइलों की संख्या 30 हो गई है। यूक्रेनी सेना के मुताबिक रूस की ओर से रविवार को यूक्रेन में किए गए ज्यादातर हमले बेलारूस स्थिति रूस के हवाई अड्डे से किए गए थे। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर कहा कि दुश्मन ने उच्च-सटीक लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करते हुए परिचालन-सामरिक और सैन्य विमानों के जरिए यूक्रेन के खिलाफ आक्रामक अभियान जारी रखा है।
ये भी पढ़ें
Russia Ukraine War Updates : कीव की ओर बढ़ रहा है रूसी सेना का विशाल काफिला