Wed, 22 Jul 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. रियो ओलंपिक 2016
  4. Rio Olympic 2016, Olympic Park, Olympic organizer

ओलंपिक पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ी

Other Sport News
रियो डि जेनेरियो। रियो ओलंपिक में बुधवार को पत्रकारों को ले जा रही एक बस पर हाईवे से गुजरते हुए गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद खेल आयोजकों ने ओलंपिक पार्क के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। 
                    
सुबह रियो ओलंपिक में बास्केटबॉल खेल सेंटर से पत्रकारों को मुख्य ओलंपिक पार्क की तरफ ले जा रही बस पर हाईवे से गुजरते समय कथित रूप से गोलीबारी हुई थी।  इस दौरान गाड़ी पर दो बार गोलियां चलने की आवाज सुनाई दीं जिससे बस की खिड़कियां टूट गई तथा शीशे उड़कर कुछ यात्रियों को लग गए जिससे उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
                    
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि मामले की छानबीन कर रही फोरेंसिक जांच टीम ने शुरुआती जांच के बाद बताया कि बस पर तीन पत्थर फेंके गए थे। हालांकि बस में सवार यात्री पत्रकारों ने बताया कि उन्होंने साफतौर पर गोलियों की आवाजें सुनी थीं।
               
रियो आयोजन समिति के प्रवक्ता मारियो आंद्रादा ने कहा, अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि बस पर पत्थर से हमला किया गया था लेकिन यह पूर्णत: अस्वीकार्य है। हमले के पास वाली सड़क पर सुरक्षाबल तैनात थे लेकिन इस हमले के बाद ओलंपिक पार्क के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
                
उल्लेखनीय है कि रियो डि जेनेरियो शहर में सड़कों पर अपराध काफी अधिक है और गोलीबारी की घटनाएं वहां आम हैं। इससे कुछ दिन पहले ही घुड़सवारी स्पर्धा के मीडिया सेंटर में भी गोली चली थी जिसमें पत्रकार बाल-बाल बच गए थे। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
'रियो' में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6-1 से पीटा