Delhi Weather News : राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों में आज शाम में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे जनजीवन पर खासा असर पड़ा। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों में तेज धूलभरी आंधी चली, जिसके चलते कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 से अधिक उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। तेज हवाओं के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले गुरुवार को भी मौसम ने करवट ली थी और कई जगहों पर जोरदार बारिश हुई थी।
खबरों के अनुसार, राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों में आज शाम में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे जनजीवन पर खासा असर पड़ा। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों में तेज धूलभरी आंधी चली, जिसके चलते कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 से अधिक उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया।
तेज हवाओं के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। पेड़ गिरने की वजह से कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्काईमेट वेदर के अनुसार, फिलहाल उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है। इसके असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले तीन दिनों तक राजधानी में मौसम इसी तरह बना रह सकता है।
राहत की बात यह है कि पिछले सप्ताह के मुकाबले तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले गुरुवार को भी मौसम ने करवट ली थी और कई जगहों पर जोरदार बारिश हुई थी। भीषण गर्मी और लू से परेशान दिल्ली के लोगों को लगातार दूसरे दिन राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में 12 अप्रैल को बादल छाए रह सकते हैं। हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। 13 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा। तापमान फिर बढ़ने लगेगा।
दिल्ली सरकार ने किया क्यूटीआरटी का गठन : दिल्ली सरकार ने बरसात के मौसम में सड़कों पर गिरने वाले पेड़ों को समय से हटाने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) का गठन किया है ताकि बिजली आपूर्ति और यातायात संबंधी समस्याओं का हल किया जा सके।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि क्यूआरटी में राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), वन विभाग और बिजली वितरण कंपनियों के कर्मी शामिल होंगे और ए तीन पालियों में काम करेंगे।
बरसात के मौसम में पेड़ों की गिरी हुई शाखाएं अक्सर बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करती हैं और यातायात जाम का कारण भी बनती हैं। त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने का निर्णय हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समन्वय समिति की बैठक में लिया गया। ये टीम दिल्ली के 11 राजस्व जिलों में से प्रत्येक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की देखरेख में काम करेंगी।
बिहार में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि से 61 लोगों की मौत : बिहार में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि से पिछले 24 घंटों में 61 लोगों की मौत हो गई। बिहार में ओलावृष्टि और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से 22 लोगों की जान चली गई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में इन घटनाओं में सबसे अधिक 23 लोगों की मौत नालंदा जिले में हुई। इसके बाद भोजपुर (छह), सीवान, गया, पटना और शेखपुरा (चार-चार), जमुई (तीन) और जहानाबाद (दो) हैं। गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, अरवल, दरभंगा, बेगूसराय, सहरसा, कटिहार, लखीसराय, नवादा और भागलपुर जिलों में एक-एक मौत हुई।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बृहस्पतिवार के अधिकतम तापमान से 3.8 डिग्री कम है।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी में शुक्रवार शाम धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं और मौसम विभाग ने आने वाले समय में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी दी और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में शनिवार को गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। उसने बताया कि दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में तेज हवाएं और हल्की बारिश : उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में शुक्रवार शाम को तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकारियों ने बताया कि मुरादाबाद में एक निजी विश्वविद्यालय के पांच छात्र आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो गए।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी एमपी सिंह ने बताया, बृहस्पतिवार रात को स्नातक के पांच छात्र अपने छात्रावास वापस जा रहे थे, तभी बारिश शुरू हो गई। एक पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान छात्र आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव से राज्यभर में चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली और दिन के अधिकतम तापमान में औसतन लगभग पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। हालांकि फतेहपुर और बांदा में राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, मुरादाबाद और हापुड़ समेत कई इलाकों में पिछली रात आकाशीय बिजली गिरी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
उत्तराखंड में चमोली जिले के नंदप्रयाग क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण से निकला मलबा कई दुकानों और होटल में भर गया। आईएमडी ने लोगों को घरों के अंदर रहने, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश : हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई तथा ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा में आंधी आई जबकि धर्मशाला में लू की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के अलग-अलग स्थानों पर 12 अप्रैल को आकाशीय बिजली गिरने के साथ आंधी-तूफान की आशंका संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।
Edited By : Chetan Gour