Weather Updates: दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी (severe heat) पड़ रही है। गर्मी के तेवर दिन पर दिन तीखे होते जा रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में लू चल रही है। दूसरी ओर मध्यप्रदेश और राजस्थान भी गर्मी से बेहाल हैं। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के अनुसार इस साल मानसून सामान्य रहने की संभावना है। जून से सितंबर के बीच अच्छी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिणी भारत में अच्छी बारिश की उम्मीद है। उत्तर भारत में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
देशभर के पश्चिमोत्तर इलाकों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। दिल्ली-एनसीआर में भी 2 दिन से लू का प्रकोप जारी है। मंगलवार को इस मौसम की सबसे गर्म सुबह रही। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, यह सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। कुछ जगहों पर तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री को पार कर गया है। इस एजेंसी का अनुमान है कि इस साल मानसून सामान्य रहेगा।
ALSO READ: Weather Update : यूपी से राजस्थान तक भीषण गर्मी की मार, 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
दिल्ली में लू का प्रकोप और बादल छाएंगे : दिल्ली में आज आंशिक बादल छा सकते हैं। कुछ जगहों पर लू का प्रकोप रहेगा। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। 10 अप्रैल से मौसम में बदलाव दिखने लगेंगे। 10 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ बिजली कड़क सकती है।
राजस्थान में झुलसाती गर्मी : आईएमडी के अनुसार राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अभी 2-3 दिन जारी रहेगा, हालांकि उसके बाद आंधी और हल्की बारिश से इसमें कुछ राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार इस समय जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, कोटा जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राज्य के शेष अधिकतर भागों में भी अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच है और यह तापमान सामान्य से 3-8 डिग्री ऊपर है। 10-11 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में बादल गरजने, आंधी आने और हल्की बारिश होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट हो सकती है।
ALSO READ: Weather Updates: दिल्ली से लेकर यूपी बिहार तक भीषण गर्मी का प्रकोप, हल्की बारिश का अलर्ट
यूपी में बढ़ती गर्मी के बीच बारिश के आसार : उत्तरप्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच प्रदेश में 8 अप्रैल से बारिश शुरू होने के आसार जताए गए हैं। लेकिन कहीं भी झमाझम बारिश होने का अलर्ट नहीं है। इस समय लगातार कई-कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया जा रहा है। उधर प्रदेश का तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है। आजप्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। इस दौरान दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही कहीं-कहीं पर लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप : मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को गुना, रतलाम और नर्मदापुरम जैसे शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जहां लू भी चली। मौसम विभाग ने जबलपुर और ग्वालियर समेत कुल 30 जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार धार में न केवल दिन बल्कि रातें भी गर्म रहेंगी। अशोकनगर, गुना, रतलाम, मंदसौर और नीमच में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना : दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। अगले 12 घंटों के दौरान यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और उसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए पूर्वी बिहार से उत्तरी तेलंगाना तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। एक और ट्रफ रेखा उत्तरी मध्य महाराष्ट्र से उत्तरी आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है।
पिछले 24 घंटों में मौसम की गतिविधि : पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई। केरल और लक्षद्वीप में छिटपुट हल्की बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान में कई हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ अधिकांश स्थानों पर लू की स्थिति रही। पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों और हरियाणा, पश्चिमी मध्यप्रदेश और गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति रही।
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 9 अप्रैल को गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी मध्यप्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति रहने की आशंका है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश, विदर्भ और पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति रहने की आशंका है। बिहार, उपहिमालय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिक्किम, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है। आंध्रप्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)
Edited by: Ravindra Gupta