1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. trinamool-bjp workers in bengal wounded

बंगाल में तृणमूल, भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष में 1 की मौत, कई घायल

Trinamool Congress
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में शनिवार को कुछ जगहों से हिंसक घटनाओं की खबरें आईं जिनमें 1 व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हो गए। हिंसा के बाद राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने राज्य में शांति बनाए रखने की अपील की है।
 
अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की घटनाएं सामने आईं। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसके कई पार्टी दफ्तरों पर या तो कब्जा कर लिया है या उनमें तोड़फोड़ की।
 
पार्टी सूत्रों ने कहा कि कूचबिहार के सिताई, उत्तर 24 परगना के तीतागढ़ और कोलकाता के पास न्यू टाउन में भाजपा समर्थकों ने कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं की पिटाई की। कूचबिहार में तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाकशिरहाट, महिशकुची, रामपुर और शालबारी में उसके दफ्तरों में तोड़फोड़ की।
 
सीतलकुची के तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष आबिद अली मियां ने कहा कि नतीजे आने के बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं ने या तो हमारे पार्टी दफ्तरों पर ताला डाल दिया है या उनमें तोड़फोड़ की है या आग लगा दी है। कूचबिहार में भाजपा के निशीथ प्रमाणिक ने तृणमूल के परेश अधिकारी को हराया है।
 
दूसरी तरफ भाजपा ने आरोप लगाया कि जिले के बाकशिरकुटी में एक विजय जुलूस के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकताओं पर हमला किया। तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज किया है लेकिन भाजपा का कहना है कि उसके अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों को लाठियों से पीटा गया।
 
उक्त जिले के सिताई में, बांकुरा जिले के सालतोरा और पांचमुरा में, बैरकपुर लोकसभा सीट के तहत आने वाले भाटपारा और काकीनाडा इलाकों में दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और हिंसा की खबरें आई हैं। बैरकपुर में भाजपा के अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी को हरा दिया है।
 
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि काकीनाडा में अर्जुन सिंह के समर्थकों ने पार्टी दफ्तरों पर कब्जा कर लिया है। पुलिस ने कहा कि हालात पर काबू पाने के लिए बलों को तैनात किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीजपुर और नैहाटी में भी कथित भाजपा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के लोगों की बाइकों को आग के हवाले करने, दुकानों में तोड़फोड़ करने और घरों को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगे हैं।
 
नादिया जिले के चाकडाहा कस्बे में शुक्रवार रात भाजपा के एक 23 वर्षीय कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा का आरोप है कि घटना में तृणमूल कांग्रेस के लोगों का हाथ है। पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर कई जगहों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में रेलवे पटरियों को अवरुद्ध किया।
 
उधर जादवपुर लोकसभा सीट के तहत आने वाले भानगढ़ में माकपा समर्थकों के कई घरों पर हमले किए गए। तृणमूल कांग्रेस के लोगों पर इसका आरोप लगा है। माकपा विधायक सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि तृणमूल नेता अराबुल इस्लाम के समर्थकों ने घरों में तोड़फोड़ की, हालांकि इस्लाम ने आरोपों को खारिज कर दिया।
 
कोलकाता के नरेंद्रपुर से भी हिंसा की खबरें हैं। राज्य में केंद्रीय बलों की 200 कंपनियां तैनात हैं। उसके बाद भी हिंसा की खबरें आई हैं। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने शनिवार को राज्य की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। राज्यपाल ने एक बयान में चुनावों में भाग लेने के लिए भी जनता का आभार जताया और उनसे राज्य तथा राष्ट्र की समृद्धि और प्रगति के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। (भाषा)  (file photo)
अगला लेख
ICC World Cup 2019 : बल्लेबाजों के घटिया प्रदर्शन से टीम इंडिया की अभ्यास मैच में 'शर्मनाक' हार