Last Updated :बरेली , Friday, 11 August 2017 (10:48 IST)
घर में सो रही थीं दो बहनें, पेट्रोल डालकर लगाई आग
बरेली। उत्तर प्रदेश में बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर सोते समय दो सगी बहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी जिससे वे गंभीर रुप से झुलस गईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नवाबगंज इलाके के देवरनिया निवासी नसीरुद्दीन की दो पुत्रियों 18 वर्षीय कुमारी गुलशन और 15 वर्षीय फिजा एक ही चारपाई पर बरामदे में सो रही थीं। तड़के करीब दो बजे अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और चरपाई पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी जिससे दोनों बहनें झुलस गईं।
उन्होंने बताया कि दोनों बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस सिलसिले में मामला दर्ज करा दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। (वार्ता)