1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Robber bride reached jail on third day of marriage

लुटेरी दुल्हन फंसी, शादी के तीसरे दिन पहुंची हवालात

Robber bride reached jail on third day of marriage
Uttar Pradesh News : आगरा जिले के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में कथित तौर पर ठगी के लिए शादी करने वाली दुल्हन को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है। पति के मुताबिक दुल्हन शादी के दूसरे दिन ही घर से फरार हो गई थी। एक बिचौलिए ने 70 हजार रुपए लेकर युवती से शादी कराई थी।
 
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने पति के हवाले से बताया कि दुल्हन शादी के दूसरे दिन ही घर से फरार हो गई थी। पति के मुताबिक एक बिचौलिए ने 70 हजार रुपए लेकर युवती से शादी कराई थी। ट्रांस यमुना थाना के प्रभारी सुमनेश विकल ने बताया कि नगला रामबल निवासी अनिल कुमार की 18 दिसंबर को मंदिर में शादी हुई थी।
 
अनिल ने शादी के लिए अपने परिचित राजेश कुमार दोहरे से कहा था जिसने हाथरस जिले के सासनी निवासी सुनील से उसे मिलवाया था। विकल ने तहरीर के हवाले से बताया कि सुनील ने उसकी पहचान प्रदीप नामक युवक से कराई जिसने माही उर्फ रजनी से मिलाया। प्रदीप ने बताया कि लड़की गरीब परिवार से है और विवाह का पूरा खर्च उसे ही उठाना होगा जिस पर अनिल सहमत हो गया और 70 हजार रुपए दिए।
 
शिकायत के मुताबिक शादी के दूसरे दिन ही दुल्हन ने बीमारी का नाटक किया दवा के बहाने बाहर निकली और फरार हो गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी दुल्हन ने बताया कि वह मूल रूप से मुरादाबाद जिले के कटघर निवासी है और उसने रुपयों के लिए शादी की थी।
 
पुलिस ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को आरोपी दुल्हन को अदालत में पेश किया गया जहां से विधिक कार्यवाही के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने की कोशिश की जा रही है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
अगला लेख
भारत से दुश्मन अब खाएंगे खौफ, नौसेना ने तैनात किया मिसाइल विध्वंसक पोत