RG Kar rape murder case: निचली अदालत में 2 प्रत्यक्षदर्शियों ने दी गवाही, बंद कमरे में शुरू हुई सुनवाई
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित सरकारी आर.जी. कर (R.G. Kar) चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 9 अगस्त को एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक (female trainee doctor) के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की सुनवाई कर रही अधीनस्थ अदालत में मंगलवार को 2 गवाहों ने गवाही दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।ALSO READ: सुप्रीम कोर्ट ने मांगी आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं की जांच पर रिपोर्ट
सुनवाई दैनिक आधार पर होगी : मामले की सुनवाई सोमवार को बंद कमरे में शुरू हुई और यह दैनिक आधार पर होगी। सूत्रों ने बताया कि 2 गवाहों से पूछताछ के बाद मामले में कुल गवाहों की संख्या 4 हो गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी संजय रॉय को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिर्बान दास की अदालत में पेश किया गया। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को अदालत में 2 और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे।ALSO READ: आरजी कर दुष्कर्म-हत्याकांड की सुनवाई, आरोपी संजय बोला- मुझे फंसाया गया
प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का शव 9 अगस्त को मिला था : ड्यूटी पर तैनात स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का शव 9 अगस्त को सरकारी अस्पताल के सेमिनार कक्ष में मिला था। इस घटना के बाद पूरे राज्य में चिकित्सकों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta

