Sat, 25 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Premlata, MLA Bharatiya Janata Party

प्रेमलता ने बताया छेड़छाड़ को 'आम बात'

Premlata
जींद। हरियाणा के उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की विधायक प्रेमलता ने पिछले दिनों चंडीगढ़ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की बेटी वर्णिका से छेड़छाड़ को आम घटना बताते हुए कहा कि इस प्रकार लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएं तो हर रोज होती है और यह 'आम बात' है।
 
केंद्रीय इस्पात मंत्री बिरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता ने इस घटना को 'जवानी का जोश' करार दिया, हालांकि उन्होंने वर्णिका को बहादुर लड़की बताया। प्रेमलता शनिवार को यहां अपनी पार्टी की जिले में निकाली गई 'तिरंगा सम्मान यात्रा' के दौरान पत्रकारों से बात कर रही थीं। वर्णिका प्रकरण पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि यह इतनी बड़ी घटना नहीं है। 
 
जब यह घटना घटी तो न ही वर्णिका को पता था कि उसका पीछा करने वाला कौन है और न ही विकास को पता था कि गाड़ी में कौन है? इस बात का तो बाद में खुलासा हुआ कि गाड़ी चलाने वाली आईएएस की लड़की है और पीछा करने वाला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का लड़का है।
 
विधायक ने कहा कि दसअसल यह घटना जवानी के जोश की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं हर रोज होती हैं। कॉलेजों में लड़कियों को हर रोज इस प्रकार की घटनाओं का सामना करना पड़ता है। 
 
वर्णिका को बहादुर करार देते हुए उन्होंने कहा कि वर्णिका समझदार लड़की है और उसने हिम्मत दिखाकर अपने आपको बचाया। प्रेमलता ने शनिवार को रोहतक में इस प्रकरण में विकास बराला को गलत बताया था। (भाषा)