1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Parambir Singh Mumbai Police Commissioner

वरिष्ठ IPS अधिकारी परमबीर सिंह मुंबई के नए Police Commissioner

Parambir Singh
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई पुलिस आयुक्त के तौर पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह की शनिवार को नियुक्ति की।
 
सिंह ने ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त और 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह ने संजय बर्वे की जगह ली है, जो शनिवार को सेवानिवृत्त हुए। मुंबई के पुलिस आयुक्त नियुक्त किए जाने से पहले सिंह भ्रष्टाचाररोधी ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक के तौर पर तैनात थे।
 
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) बिपिन के. सिंह को एसीबी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी बिपिन सिंह को राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
 
पिछले साल दिसंबर में बतौर एसीबी प्रमुख परमबीर सिंह ने 12 विदर्भ सिंचाई विकास निगम (वीआईडीसी) परियोजनाओं में कथित घोटाले के संबंध में राकांपा नेता अजित पवार को क्लीन चिट दी थी, जो फिलहाल राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं।
 
एक बयान में बताया गया कि पूर्व में परमबीर सिंह ने पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे ठाणे के पुलिस आयुक्त रहे हैं, मुंबई के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के डीसीपी और चंद्रपुर और भंडारा जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रहे हैं। इसमें कहा गया कि वे राज्य में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) के तौर पर सेवा दे चुके हैं।
 
ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि मुंबई पुलिस आयुक्त संजय बर्वे शनिवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और सिंह उनका स्थान लेंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद की गई।
 
इससे पहले मुंबई के निवर्तमान पुलिस आयुक्त संजय बर्वे को उनके सहयोगियों ने यहां नायगांव पुलिस मुख्यालय में विदाई दी। पिछले साल फरवरी में आयुक्त का प्रभार संभालने वाले बर्वे की सेवा अवधि 2 बार पहले अगस्त और फिर नवंबर में बढ़ाई गई थी। (Photo courtesy: Twitter)
अगला लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांगजन और बुजुर्गों से की 'मन की बात'